डीग-कुम्हेर में मतदान तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्त, 9 बूथों का किया निरीक्षण
चौथे चरण के मतदान से पहले बैलारा कलां और अऊ के 9 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा इंतजाम, ईवीएम और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति परखी गई।

मुख्य राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह अधिकारियों के साथ डीग के मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुए चल रहे हैं।
डीग। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मतदान से पहले मुख्य राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शुक्रवार को डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में निर्वाचन तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बैलारा कलां और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अऊ में कुल 9 मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और मतदान दलों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी।
मुख्य राज्य निर्वाचन आयुक्त ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बैलारा कलां के 4 तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अऊ के 5 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं और वहां निर्वाचन संबंधी तैयारियां पूरी हैं या नहीं। इस दौरान उन्होंने मतदान दलों के ठहरने, भोजन, पेयजल और शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मतदान दलों के लिए आवास, भोजन और पेयजल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड तैनात किया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत अथवा निर्धारित स्थान पर चार पुलिसकर्मियों का जाप्ता लगाया गया है। वहीं, क्रिटिकल एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में दो से चार एरिया मजिस्ट्रेट तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।
निरीक्षण के दौरान एक मतदान दल सदस्य ने ईवीएम के सुचारू रूप से कार्य नहीं करने की समस्या से मुख्य राज्य निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया। इस पर राजेश्वर सिंह ने बताया कि संबंधित समस्या उपखंड प्रशासन के संज्ञान में है और ईवीएम बदलने की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्य राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि वह राजस्थान में अब तक 200 से अधिक मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुके हैं और वहां निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में निचले स्तर से लेकर उच्च स्तर तक पूरी टीम सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ जुटी हुई है। स्थानीय स्तर पर पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी, तहसीलदार और खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न अधिकारी निर्वाचन व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार, उपखंड अधिकारी कुम्हेर भारती भारद्वाज, उपखंड अधिकारी डीग अमित कुमार मीना सहित अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे। निर्वाचन आयुक्त के इस निरीक्षण में मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और तकनीकी तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया गया।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
