डीग, 11 मई। राजस्थान सरकार प्रदेश के अन्नदाताओं के आर्थिक उत्थान और सिंचाई तंत्र को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को डीग जिले के ग्राम परमदरा में विकास का एक नया अध्याय लिखा गया, जहाँ जल संसाधन विभाग की लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं का भव्य लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री व भरतपुर एवं डीग के प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, जिला उपाध्यक्ष सतीश बंसल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रगतिशील किसानों और आमजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।

क्षेत्र के कृषि परिदृश्य को बदलने वाली इन परियोजनाओं के अंतर्गत डीग तहसील एवं जिले के किसानों की दीर्घकालिक सुविधा हेतु ककड़ा चैनल (आर.डी. 0 से 8500 मीटर) के जीर्णोद्धार कार्य तथा गुड़गांव कैनाल सिंचाई परियोजना के तहत टेल डिस्ट्रीब्यूटरी (चैन 0 से 220) एवं इसकी माइनर्स के पुनरुद्धार कार्यों का विधिवत लोकार्पण कर उन्हें जनसेवा में समर्पित किया गया। इसके साथ ही, बजट घोषणा की अनुपालना में डीग डिस्ट्रीब्यूटरी की दिदावली, परमदरा एवं डीग सब-माइनर के पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास भी संपन्न हुआ। इन तकनीकी सुधारों और जीर्णोद्धार से नहरों में जल का रिसाव पूरी तरह रुकेगा, जिससे टेल तक स्थित अंतिम छोर के खेतों तक पानी की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुरेश सिंह रावत ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इन सिंचाई परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के 21 गाँवों की 4350 हेक्टेयर कृषि भूमि सीधे तौर पर लाभान्वित होगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व में राजस्थान अब मरू प्रदेश की पहचान त्यागकर हरित प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। डीग के विकास को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने घोषणा की कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गृह राज्य मंत्री की मांग पर डीग को ईआरसीपी योजना से जोड़ दिया गया है। इससे चम्बल, कालीसिंध और पार्वती नदियों का संगम यहाँ होगा, जो पेयजल एवं सिंचाई संकट का स्थायी समाधान बनेगा। पूर्ववर्ती सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए रावत ने कहा कि बीते समय में पेपर लीक और दलालों ने युवाओं का भविष्य अंधकार में डाला, किंतु वर्तमान सरकार ने एसआईटी गठित कर युवाओं में न्याय का विश्वास जगाया है। उन्होंने 'हर खेत को पानी और हर हाथ को रोजगार' के संकल्प को दोहराते हुए लखपति दीदी योजना को महिला सशक्तिकरण का स्तंभ बताया। उन्होंने किसानों को 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाले 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट' में सम्मिलित होने तथा ग्राम रथ अभियान के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकें सीखने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुड़गांव कैनाल का जल उपलब्ध होने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी और कहा कि नगर विधानसभा क्षेत्र में 1800 करोड़ रुपये के विकास कार्य एवं 100 से अधिक सड़कों का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि कभी पिछड़ा कहलाने वाला खोहवाटी क्षेत्र अब एक विकसित नगर के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने जानकारी दी कि सीकरी बांध को चम्बल परियोजना से जोड़ने की निविदा प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। राज्य में कानून व्यवस्था और नशे के विरुद्ध अभियान पर चर्चा करते हुए बेढ़म ने कहा कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की प्रभावी कार्रवाइयों से जनता ने राहत की सांस ली है। उन्होंने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का उल्लेख करते हुए सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया और ग्रामीणों से ग्राम रथ अभियान के तहत 13 विभागों की सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर मयंक मनीष, जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता डी.के. अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता बने सिंह, अधिशाषी अभियंता योगेश कुमार और सहायक अभियंता देवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story