डीग, 15 अक्टूबर। जिले में एनीमिया नियंत्रण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और निर्माणाधीन अस्पतालों के कार्यों में तेजी लाने के लिए जिला कलक्टर मयंक मनीष ने चिकित्सा विभाग को समयबद्ध कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश दिए। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लक्ष्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डीग डॉ. विजय सिंघल मौजूद रहे।

बैठक में चिकित्सा विभाग की बजट घोषणाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि कामां अस्पताल के निर्माण के लिए निविदा आमंत्रण सूचना जारी हो चुकी है, जबकि खोह और पूंछरी का लौठा में अस्पताल निर्माण कार्य प्रगतिरत है। जिला कलक्टर ने संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के अनुसार उन्हें आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने इस संबंध में जयपुर मुख्यालय को पत्र लिखने और आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग और शिक्षा विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित कर तीनों विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि एनीमिया नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें। जिले में एनीमिया की सामूहिक जांच के लिए श्रेणीवार प्रस्ताव तैयार करने तथा जांच में एनीमिया पाए जाने पर संबंधित श्रेणी के अनुसार उपचार और आवश्यक हस्तक्षेप की कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए।

प्रसव सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने के लिए जिला कलक्टर ने उन चिकित्सा संस्थानों में प्रसव सेवाएं शुरू कराने की दिशा में आवश्यक प्रयास करने को कहा, जहां फिलहाल प्रसव नहीं हो रहे हैं। उन्होंने अक्टूबर एवं नवंबर माह के संभावित प्रसव लक्ष्य निर्धारित करने और एएनएम सहित अन्य संबंधित कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रसव सेवाओं की वर्तमान स्थिति का आकलन कर संस्थानवार लक्ष्य तय करने पर जोर दिया, ताकि मातृ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा सके।

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने टीबी नोटिफिकेशन शत-प्रतिशत करने, कुम्हेर ब्लॉक में एएनसी पंजीकरण की संख्या बढ़ाने और डीग तथा कुम्हेर में टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति सुधारने के निर्देश दिए।

दीपावली के दौरान खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सक्रिय रहकर खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की संख्या बढ़ाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में जेजेएवाई के तहत भुगतान संबंधी कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अस्पताल निर्माण, एनीमिया की सामूहिक जांच, प्रसव सेवाओं के विस्तार और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों पर विशेष जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए निर्धारित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story