राज्य सरकार के सुशासन संकल्प और ग्राम रथ अभियान के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। द्वार पर दस्तक की नीति ने उन पात्र व्यक्तियों की राह आसान कर दी है, जो किन्हीं कारणों से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित थे। इसी क्रम में डीग जिले के पुष्पेंद्र सिंह की कहानी प्रशासनिक तत्परता और संवेदनशीलता की एक उल्लेखनीय मिसाल बनकर सामने आई है।

पुष्पेंद्र सिंह लंबे समय से अपना विकसित भारत - जी राम जी (मनरेगा) जॉब कार्ड बनवाने के लिए प्रयासरत थे। जॉब कार्ड के अभाव में उन्हें विकसित भारत - जी राम जी के तहत मिलने वाले रोजगार एवं अन्य संबंधित लाभ प्राप्त करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। तकनीकी बाधाओं और जानकारी के अभाव के कारण यह प्रक्रिया लंबे समय से लंबित थी, जिससे उनके समक्ष आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया था।

ग्राम रथ अभियान के दौरान जब प्रशासनिक अधिकारी उनके गांव पहुंचे, तो पुष्पेंद्र सिंह ने अपनी समस्या उनके समक्ष रखी। राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में ग्राम पंचायत स्तर पर तत्काल कार्रवाई की गई। दस्तावेजों का सत्यापन मौके पर ही पूर्ण किया गया और वर्षों से लंबित यह कार्य मिनटों में संपन्न करते हुए पुष्पेंद्र सिंह का नया जॉब कार्ड जारी कर दिया गया। इस त्वरित समाधान से उन्हें बड़ी राहत प्राप्त हुई।

अपना जॉब कार्ड प्राप्त करने के बाद पुष्पेंद्र सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की इस पहल ने उनकी लंबे समय से चली आ रही चिंता को समाप्त कर दिया है। अब वे सरकारी रोजगार योजनाओं का सहजता से लाभ प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उनके परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने इस त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं ग्राम पंचायत का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अभियान आमजन की जटिल समस्याओं के समाधान में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story