डीग, 18 मई। जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन एंटीवाइरस' के तहत डीग पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पहाड़ी पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्यवाही को अंजाम देते हुए क्षेत्र में सक्रिय चार शातिर साइबर ठगों को धर दबोचा है। पुलिस की इस बड़ी रेड के बाद से इलाके के साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

मुख्य घटनाक्रम के अनुसार, ये आरोपी गाँव नीमली के पहाड़ की तलहटी में छिपकर अपना नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर मौके से चारों मुल्जिमान मनीष, मुस्तकीम, साजिद और वसीम को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने त्वरित तलाशी लेते हुए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए जा रहे 04 फर्जी एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 05 फर्जी सिम कार्ड बरामद कर जप्त किए हैं।

आरोपियों के तौर-तरीकों का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारशुदा मुल्जिमान आपस में मिलकर इस काले कारोबार को अंजाम दे रहे थे। ये ठग मोबाइल फोन में फर्जी जी-मेल, फेसबुक और वॉट्सअप अकाउंट तैयार करते थे। इसके बाद वे आम लोगों को अपना जान-पहचान का आदमी बनकर जाल में फंसाते थे। यही नहीं, ये गिरोह लोगों को पुराने नोट व सिक्के महंगे दामों में खरीदने का झांसा देकर तथा सेक्सटॉर्सन का शिकार बनाकर बड़े पैमाने पर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। डीग पुलिस द्वारा 'ऑपरेशन एंटीवाइरस' के तहत की गई इस सख्त कार्रवाई ने क्षेत्र में सक्रिय साइबर माफियाओं की कमर तोड़ दी है, और पकड़े गए आरोपियों से अब कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story