डीग जिले को साइबर अपराध मुक्त बनाने और आमजन व युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में विशेष अभियान 'साइबर चौपाल' चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक स्वयं गांवों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर युवाओं, विद्यार्थियों तथा आमजन से सीधा संवाद कर रहे हैं। साथ ही उन्हें साइबर अपराधों के तरीकों, उनके दुष्परिणामों और कानूनी कार्रवाई की जानकारी देकर अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

इसी क्रम में गुरुवार, 19 नवंबर को पुलिस अधीक्षक डीग शरण गोपीनाथ ने एम.जे.एफ. सीनियर सेकेंडरी स्कूल डीग में साइबर चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, उनसे बचाव के उपायों और साइबर अपराध में संलिप्त पाए जाने पर होने वाली कानूनी कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को आगाह किया कि किसी भी तरह के लालच या कम समय में अधिक पैसा कमाने के प्रलोभन में आकर साइबर अपराधियों के संपर्क में न आएं। उन्होंने कहा कि क्षणिक आर्थिक लाभ के लिए अपराध में शामिल होना विद्यार्थियों के भविष्य, करियर और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकता है।

उन्होंने फर्जी बैंक खातों और सिम कार्ड के जरिए होने वाली साइबर ठगी के प्रति भी विद्यार्थियों को सतर्क किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर ठग फर्जी सिम कार्ड, बैंक खाते (म्यूल अकाउंट), ऑनलाइन ठगी और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से लोगों के साथ धोखाधड़ी करते हैं। विद्यार्थियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, ओटीपी अथवा सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न करवाएं। किसी दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन करवाना भी कानूनी अपराध है।

सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जोर देते हुए उन्होंने अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और व्यक्तिगत जानकारी, फोटो सहित अन्य गोपनीय विवरण सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की सलाह दी। इसके साथ ही ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी निवेश योजनाओं और पार्ट टाइम जॉब के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर भी सतर्क रहने के लिए कहा।

पुलिस अधीक्षक ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों को जानकारी दी कि ठगी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, खेलकूद, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से अपना भविष्य बेहतर बनाने का संदेश भी दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डीग पुलिस युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ाने और उन्हें अपराध से दूर रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

डीग पुलिस का 'साइबर चौपाल' अभियान गांव-गांव तक पहुंच रहा है। साइबर अपराधों की रोकथाम और युवाओं को अपराध की राह पर जाने से बचाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक स्वयं विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इससे पहले भण्डारा (थाना जुरहरा), भीलमका एवं हिंगोटा (थाना कोतवाली), खल्लूका एवं गाधानेर (थाना पहाड़ी), अलघानी (थाना सीकरी) तथा हैबतका (थाना गोपालगढ़) में साइबर चौपाल आयोजित की जा चुकी हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों और युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। अब अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को भी इससे जोड़ा जा रहा है।

साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए डीग पुलिस केवल अपराधियों की धरपकड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि रोकथाम, जन-जागरूकता और सख्त कानूनी कार्रवाई की त्रिस्तरीय रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत जिले के सभी थानाधिकारियों, साइबर सेल और विशेष पुलिस टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर अपराधियों पर निगरानी रखने तथा आमजन और युवाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीग पुलिस ने साइबर अपराध मुक्त डीग, जागरूक युवा और सुरक्षित समाज का संकल्प दोहराते हुए स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान के साथ निगरानी और कानूनी कार्रवाई भी जारी रहेगी।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story