भीषण गर्मी के मद्देनजर जिले की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु जिला कलक्टर मयंक मनीष की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल परियोजनाओं और ग्रीष्मकालीन कार्ययोजनाओं का गहन फीडबैक लेते हुए जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जहां भी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, वहां पाइपलाइन के समीप स्थित शत-प्रतिशत घरों को अविलंब कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन से जोड़ा जाए। उन्होंने मासिक लक्ष्यों में वृद्धि करते हुए प्रगति की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया। विद्युत आपूर्ति की बाधाओं को दूर करने हेतु अधीक्षण अभियंता जेवीवीएनएल बी.एल. वर्मा ने आश्वस्त किया कि सबलाना और ककड़ा की पेयजल परियोजनाओं के लिए आवश्यक विद्युत कनेक्शन शीघ्र जारी कर दिए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों ने बैठक में पुख्ता जानकारी दी कि सीडब्ल्यूआर के साथ पंपिंग स्टेशनों की स्थापना का कार्य पूर्ण हो चुका है और पैकेज-3 के क्रियान्वित होते ही जिले के लक्षित गांवों में सुचारू जलापूर्ति का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।

ग्रीष्मकालीन आकस्मिक कार्ययोजना की समीक्षा के दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि स्वीकृत 16 कार्यों में से 15 पूर्ण किए जा चुके हैं। जिला कलक्टर ने आगामी दिनों की चुनौतियों को देखते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकर परिवहन की सटीक प्लानिंग और नियोजित किए जाने वाले टैंकरों की संख्या पर रिपोर्ट तलब की। वर्तमान में जिले में हैंडपंप मरम्मत और ट्यूबवेल सुधार हेतु 6 विशेष वाहन संचालित हैं, साथ ही प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर एक-एक वाहन सक्रियता से जल सैंपलिंग और तकनीकी सुधार में जुटा है। कलक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित पेयजल प्रकरणों के त्वरित निस्तारण और सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में अनिवार्य रूप से जल कनेक्शन उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए। आमजन की समस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु जिला स्तर पर 24 घंटे क्रियाशील कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05641-294065 है। अधीक्षण अभियंता ईशू नारंग के आदेशानुसार यहां तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो प्रातः 6 से दोपहर 2, दोपहर 2 से रात्रि 10 और रात्रि 10 से प्रातः 6 बजे तक निरंतर शिकायतों का पंजीकरण एवं समाधान सुनिश्चित करेंगे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story