डीग, 05 मई। जिला कलक्टर मयंक मनीष की संवेदनशीलता और प्रशासनिक सक्रियता का नजारा मंगलवार रात पहाड़ी उपखंड के नवीन पंचायत भवन खेड़लीमन्ना में देखने को मिला, जहां आयोजित 'रात्रि चौपाल' में शिकायतों का अंबार लग गया। जिला कलक्टर ने आमजन के बीच बैठकर उनकी पीड़ा को न केवल गंभीरता से सुना, बल्कि मौके पर उपस्थित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु कड़े लहजे में निर्देशित किया।

चौपाल के दौरान कुल 21 परिवाद दर्ज किए गए, जिनमें ग्रामीण जीवन से जुड़े बुनियादी मुद्दों की प्रधानता रही। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति की अवधि बढ़ाने, खातेदारी भूमि को जोतने हेतु पाबंद करने, पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने और नवीन विद्युत कनेक्शन जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा सड़क निर्माण, विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग, घरेलू मार्गों की उपलब्धता और क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने जैसे गंभीर मामले भी जिला कलक्टर के समक्ष रखे गए। जनसुनवाई में आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधार, ओवरलोड वाहनों की रोकथाम, विद्यालयों में नामांकन वृद्धि, विद्युत बिलों की विसंगतियों के निवारण और पेयजल संकट के समाधान हेतु गुहार लगाई गई। साथ ही, पात्र परिवारों को पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से दिव्यांगों को स्कूटी उपलब्ध कराने के प्रकरण भी प्राप्त हुए, जिन पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कर जनता को राहत पहुँचाने के निर्देश दिए।

पेयजल संकट पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए जिला कलक्टर मयंक मनीष ने हैंडपंपों की क्रियाशीलता और टैंकरों के माध्यम से की जा रही जलापूर्ति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने ब्लॉक की आंगनबाड़ियों में शौचालय, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग को एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में तेजी लाने हेतु शिक्षा विभाग से बालिकाओं की सूची प्राप्त कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। अतिक्रमण हटाने और सड़कों के डामरीकरण के लंबित कार्यों में मुस्तैदी दिखाने के साथ-साथ, क्षेत्र के समग्र विकास हेतु 'गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना' के तहत शिक्षा, आईसीडीएस, कृषि और चिकित्सा विभाग को आगामी दस दिवस के भीतर ठोस प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। उपखंड अधिकारी पहाड़ी को इन प्रस्तावों की सूक्ष्म जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि विकास का लाभ वास्तविक रूप से धरातल पर उतरे। इस अवसर पर प्रशासन के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story