डीग, 08 अप्रैल। जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने बुधवार को पंचायत समिति डीग के अंतर्गत ग्राम पूंछरी का दौरा कर वहां संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं निर्माणाधीन कार्यों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण के निर्देश

जिला कलेक्टर ने पूंछरी में राजस्थान हेरिटेज अथॉरिटी द्वारा परिक्रमा मार्ग पर किए जा रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अथॉरिटी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि "परिक्रमा मार्ग पर होने वाले समस्त निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य राष्ट्रीय हरित अधिकरण के दिशा-निर्देशों की परिधि में ही संपादित किए जाएं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं मार्ग की सुगमता हेतु जिला कलेक्टर ने राजस्व विभाग, पंचायती राज विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं राजस्थान हेरिटेज अथॉरिटी को संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त विभाग समन्वय स्थापित कर परिक्रमा मार्ग पर अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित करें और उन्हें नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें, ताकि मार्ग के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखा जा सके।

सांवई खेड़ा डिप्रेशन परियोजना से बदलेगी किसानों की तकदीर

निरीक्षण की कड़ी में जिला कलेक्टर सांवई खेड़ा डिप्रेशन कार्य का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने वहां अंतिम चरण में चल रहे पंप हाउस के निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर ने बताया कि "इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के किसानों के लिए उन्नति के नवीन द्वार खुलेंगे।" अंडरग्राउंड पाइपलाइन के माध्यम से जल निकासी होने से वर्षा ऋतु में होने वाले जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान होगा, जिससे पूर्व में खेती से वंचित रही भूमि पर पुनः कृषि कार्य संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे न केवल किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी, तहसीलदार जुगीता मीना सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story