जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेते हुए स्पष्ट किया कि जिले में विद्युत व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, केंद्र व राज्य सरकार की सौर ऊर्जा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने विशेष रूप से 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत प्राप्त कम आवेदनों पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को फील्ड में उतरकर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एलडीएम को पत्र लिखकर बैंक प्रतिनिधियों को सीधे कैंपों में भेजने की व्यवस्था करने को कहा ताकि उपभोक्ताओं को ऋण सुविधा तत्काल मिल सके।

सौर ऊर्जा क्षेत्र में 'कुसुम-सी' और 'कुसुम-ए' योजनाओं को गति देने के लिए जिला कलेक्टर ने सभी सहायक अभियंताओं को पाबंद किया कि वे इस शनिवार और रविवार को अनिवार्य रूप से फील्ड में रहकर उपभोक्ताओं और उपखंड अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि एईएन स्वयं मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करें और सोमवार तक इसकी विस्तृत रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता को प्रस्तुत करें। इसके साथ ही, कुसुम-ए योजना के तहत नए आवेदकों की पहचान करने, कमीशनिंग प्रक्रिया में तेजी लाने और योजना के प्रति अरुचि दिखाने वाले उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए गए। विद्युत छीजत पर प्रहार करते हुए कलेक्टर ने एईएन-वार चोरी के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की और स्पष्ट किया कि अधिक से अधिक वीसीआर भरी जाए तथा अवैध कनेक्शनों को तुरंत काटा जाए। उन्होंने फीडर बाइफर्केशन के लंबित कार्यों को पूर्ण करने हेतु एईएन को एसडीएम डीग के साथ टोडा में और एसडीएम नगर के साथ मानौता कलां में पुलिस जाब्ते के समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में आधारभूत ढांचे की मजबूती पर चर्चा करते हुए अधीक्षण अभियंता बीएल वर्मा ने बताया कि सीकरी में 220 केवी जीएसएस के निर्माण से पहाड़ी, कामां, सीकरी और नगर क्षेत्र की विद्युत समस्या का समाधान होगा, जबकि कुम्हेर में प्रस्तावित 400 केवी जीएसएस जिले की विद्युत समस्याओं का पूर्ण निस्तारण कर देगा। वर्तमान में जिले में संचालित 12 एफआरटी टीमों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल की शिकायतों का समयबद्ध निवारण करने, ढीले तारों को कसने और ट्रांसफार्मर की नियमित जांच करने पर जोर दिया। उन्होंने उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 94133-60525 भी जारी किया। अंत में, सभी अभियंताओं को निरंतर फील्ड में सक्रिय रहने की हिदायत दी गई ताकि ग्रीष्म ऋतु में आमजन को निर्बाध बिजली मिल सके।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story