डीग, 23 अप्रैल। आगामी मई माह में प्रारंभ होने वाले अधिक मास के मद्देनज़र ब्रज 84 कोस परिक्रमा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को राजस्थान सीमा के अंतर्गत आने वाले संपूर्ण परिक्रमा मार्ग का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत राजस्थान सीमा के प्रवेश द्वार कोथरा गेट से की गई, जहां से कलेक्टर ने सांवई, नगला दांदू, बहज, डीग कस्बा, दिदावली, नगला महारानिया, टाकौली, खोह, चुल्हेरा, अलीपुर, पसोपा, बरौली धाऊ, बिलोंद, सतवास, पथवारी और नौनेरा गांव तक पूरे मार्ग का क्रमवार निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग की स्थिति, अवरोधों और सुविधाओं का सूक्ष्मता से आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मयंक मनीष ने स्पष्ट कहा कि मई माह से प्रारंभ हो रहा अधिक मास पूरे एक महीने तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा के लिए आएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। विशेष रूप से कच्चे परिक्रमा मार्ग पर मौजूद सभी अस्थाई अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि नंगे पैर चलने वाले श्रद्धालुओं को पदयात्रा में पूर्ण सुविधा मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ दिनों बाद वे पुनः निरीक्षण कर दिए गए निर्देशों की प्रगति की स्वयं समीक्षा करेंगे।

परिक्रमार्थियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग को संबंधित तहसीलदार के साथ समन्वय स्थापित कर संपूर्ण मार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही भरतपुर फीडर कैनाल के सामने पड़ी निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के आदेश दिए गए। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विकास अधिकारियों को नालियों की सफाई, सड़क किनारे उगी कंटीली झाड़ियों की कटाई तथा मार्ग में रखे उपलों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए गए। खोह क्षेत्र में मार्ग पर रखी लकड़ी और ईंधन को हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए भी निर्देशित किया गया।

ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को सभी हैंडपंपों को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को मार्ग में झुके या तिरछे विद्युत पोल्स को तत्काल सीधा करने तथा सतवास क्षेत्र में मार्ग पर पड़े पोल्स को हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त टाकौली सहित अन्य विश्राम स्थलों पर, जहां छाया की व्यवस्था नहीं है, वहां शेड लगाने के निर्देश भी विकास अधिकारियों को दिए गए।

इस निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी डीग मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी कामां सुभाष, तहसीलदार जुगीता मीना, पुलिस वृत्ताधिकारी सीताराम बैरवा सहित पुलिस, प्रशासन, पंचायती राज और राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी एवं टीमें मौजूद रहीं। प्रशासन की यह सक्रियता आगामी अधिक मास में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम परिक्रमा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story