महिला आरक्षण बिल को लेकर डीग में कांग्रेस की प्रेस वार्ता, ममता भूपेश ने केंद्र को घेरा
पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने महिला आरक्षण को परिसीमन और जनगणना से जोड़ने को भाजपा का षड्यंत्र बताते हुए संविधान पर हमला करार दिया।

डीग की लाला मुरारी अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मंच पर आसीन पूर्व मंत्री ममता भूपेश, जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी और अन्य कांग्रेस पदाधिकारी।
डीग, 24 अप्रैल। केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण बिल के नाम पर जनता को भ्रमित करने और बेरोजगारी, महंगाई तथा चरमराती कानून व्यवस्था जैसे ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी डीग द्वारा लाला मुरारी अग्रवाल धर्मशाला में एक विशाल प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राजस्थान की पूर्व मंत्री ममता भूपेश मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नारी वंदना आरक्षण बिल 22 सितंबर 2023 को ही लोकसभा में पारित हो चुका है और राष्ट्रपति की अनुमति भी मिल चुकी है, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी सरकार ने इसका नोटिफिकेशन जारी नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीति और नियत में जमीन-आसमान का फर्क है। श्री चौधरी ने राजस्थान सरकार द्वारा चुनाव न कराए जाने पर भी कड़ा रोध जताया। उन्होंने बताया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 'संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ' अभियान के तहत ग्राम अध्यक्षों की नियुक्ति और कार्यकारिणी गठन का कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य अतिथि ममता भूपेश ने विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला आरक्षण को परिसीमन और जनगणना से जोड़ना भाजपा का एक बड़ा षडयंत्र है। इसके माध्यम से सरकार अपनी मनमर्जी कर देश के राजनीतिक और इलेक्टोरल स्ट्रक्चर को बदलकर संविधान पर सीधा आक्रमण कर रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस ने ही महिलाओं को नगर निकाय और पंचायतों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया था, जिसका लाभ आज 303 निकायों, करीब 16 हजार ग्राम पंचायतों, 41 जिला परिषदों और पंचायत समितियों में महिला शक्ति उठा रही है।
श्रीमती भूपेश ने केंद्र पर संवैधानिक कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि डिजिटल युग में भी जनगणना पूरी नहीं की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने सदैव महिलाओं को शीर्ष पदों पर प्रतिनिधित्व दिया है, जिसका प्रमाण है कि आज अनुसूचित जाति वर्ग की महिला राजस्थान में कैबिनेट मंत्री रही और वर्तमान में भरतपुर की सांसद हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा जिस तरह का परिसीमन चाहती है, कांग्रेस उसे कभी सफल नहीं होने देगी। महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्वेता यादव ने भी भाजपा पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण की प्रबल पक्षधर रही है।
इससे पूर्व, ममता भूपेश का भरतपुर में राजस्थान बॉर्डर से लेकर विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष (नगर) सुघड़ सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष (खोह) भवानी शंकर, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्रीराम चूल्हेरा, जन अभाव प्रकोष्ठ के राहुल सोनी, पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रेम सिंह प्रजापत, अनुराग पला, नंदकिशोर बैलारा, गजराज पेंघोर, माधव पेंघौर, फ़ज्जर खान, देवेंद्र सिंह, खेल कूद प्रकोष्ठ अध्यक्ष महमुदा खान, पंकज गोयल एडवोकेट, दिनेश सिनसिनी, पूरन सिंह बडेसरा, भरतलाल घरबारी, ब्रजभूषण, दीपू वहज, राजेश मीणा, सुरेंद्र सरपंच, मेघश्याम सरपंच, कमलेश पूर्व प्रधान, मिट्ठू सांखला, गोपाल शर्मा, श्रीमती कमलेश पूर्व प्रधान (कामा), करन सिंह पूंछरी, लोकेश भटवाली, विक्रम सिंह गदालपुर, अनुरोध सितारा, चन्दन सिंह पुट, अतुल सोनी, महिला ब्लॉक अध्यक्ष कमान तथा एससी प्रकोष्ठ के भारी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह आयोजन केंद्र की नीतियों के विरुद्ध कांग्रेस की एकजुटता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प का प्रतीक बना।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
