मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बन्ध बरेठा दौरे को लेकर तैयारियां तेज
बयाना के बन्ध बरेठा बांध पर सिंचाई विभाग ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान, मुख्यमंत्री के संभावित निरीक्षण और जनसुनवाई को लेकर जिला प्रशासन हुआ सतर्क।

भरतपुर के बयाना में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संभावित दौरे से पहले बन्ध बरेठा बांध की पाल पर सफाई कार्य करते सिंचाई विभाग के कर्मचारी।
भरतपुर जिले के बयाना उपखंड स्थित प्रसिद्ध बन्ध बरेठा बांध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को बयाना सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता दशरथ ने जानकारी देते हुए बताया कि सिंचाई विभाग के कर्मचारियों द्वारा बांध की पाल और आसपास के क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
बांध की वह पाल, जहां पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंचकर बन्ध बरेठा की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हैं, वहां व्यापक स्तर पर सफाई कार्य कराया गया है। इसके साथ ही पूरे बांध परिसर को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप देने के लिए विभागीय कर्मचारी लगातार कार्य में जुटे हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बन्ध बरेठा बांध का निरीक्षण कर सकते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री के यहां रात्रि विश्राम और भोजन कार्यक्रम की भी संभावना जताई जा रही है। साथ ही आमजन से मुलाकात एवं जनसुनवाई कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है।
इसी संभावित दौरे को देखते हुए भरतपुर जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार बन्ध बरेठा क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। बांध परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में तेजी से विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य भी जारी है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि मुख्यमंत्री के संभावित आगमन से क्षेत्र को नई सौगातें मिल सकती हैं और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में प्रशासनिक स्तर पर तेज गतिविधियों और तैयारियों से यह संकेत मिल रहे हैं कि बन्ध बरेठा बांध आने वाले समय में प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
