डीग में नववर्ष पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सप्तकोसीय परिक्रमा की भव्य शुरुआत
डीग में नववर्ष की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूंछरी का लौठा पहुंचकर श्रीनाथजी के दर्शन किए और पांच दंडवत लगाकर सप्तकोसीय परिक्रमा का विधिवत शुभारंभ किया। परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब और "बोलो गिरराज महाराज की जय" के उद्घोषों से क्षेत्र गूंज उठा।

डीग। ब्रजभूमि की पावन धरा और गोवर्धन गिरराज महाराज की शरण में नववर्ष की पूर्व संध्या पर बुधवार को डीग जिले में एक अलौकिक दृश्य देखने को मिला। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूंछरी का लौठा पहुंचकर श्रीनाथजी के दर्शन किए और राष्ट्र एवं प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए विशेष अनुष्ठान संपन्न किया। उन्होंने सामान्य श्रद्धालु की भांति अपनी धर्मपत्नी के साथ पांच दंडवत लगाकर सप्तकोसीय परिक्रमा का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर में हेलीकॉप्टर द्वारा पूंछरी का लौठा हेलीपैड पहुंचे, जहाँ गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की गरिमामयी उपस्थिति में प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भरतपुर संभाग और डीग जिले के वरिष्ठ अधिकारी—संभागीय आयुक्त डॉ. नलिनी कठोतिया, पुलिस महानिरीक्षक कैलाश चंद बिश्नोई, जिला कलेक्टर उत्सव कौशल और जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना—मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
हेलीपैड से सीधे श्रीनाथजी मंदिर पहुँचे मुख्यमंत्री ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि और विकसित राजस्थान की संकल्प सिद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धर्मपत्नी के साथ पांच दंडवत परिक्रमा लगाकर सप्तकोसीय परिक्रमा की शुरुआत की। परिक्रमा मार्ग में स्थानीय नागरिकों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने उन्हें भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। मार्ग "बोलो गिरराज महाराज की जय" के उद्घोषों से गूंज उठा, जबकि मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर सभी के अभिवादन का आदरपूर्वक जवाब दिया।
जिला कलेक्टर उत्सव कौशल और एसपी ओम प्रकाश मीना के नेतृत्व में परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई। मुख्यमंत्री के साथ सैकड़ों अधिकारी, कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता और उनके रिश्तेदार भी इस भव्य धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। इस आयोजन ने डीग जिले में नववर्ष की पूर्व संध्या पर आस्था और अध्यात्म का अद्भुत संयोग प्रस्तुत किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
