भुसावर। जिले में अमरूद की नई किस्म ‘काला बादशाह’ ने स्थानीय किसानों और उपभोक्ताओं के बीच खास पहचान बना ली है। पारंपरिक सफेद और लाल अमरूद के बाद इस अनूठे काले अमरूद ने स्वाद, पोषण और औषधीय गुणों के मामले में लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।

भुसावर, वैर और बयाना उपखंड क्षेत्रों के कई गांवों में इस अमरूद के लगभग 600 से 700 पेड़ लगे हुए हैं। क्षेत्रीय किसान द्वारिका प्रसाद ने बताया कि उन्होंने साल 2010 में सबसे पहले 25 काला बादशाह अमरूद के पेड़ लगाए थे। यह पेड़ रंग में बैंगनी-लाल और फल में गहरा काला दिखाई देता है। एक पेड़ में औसतन 15 से 25 किलो फल पैदा होता है और बाजार में इसकी कीमत 40 रुपये प्रति किलो से लेकर 100 रुपये प्रति किलो तक है।

काला बादशाह अमरूद की खेती बलुई दोमट और जलोढ़ मिट्टी में सबसे उपयुक्त मानी जाती है, जिसका पीएच स्तर 6.0 से 7.5 के बीच होना चाहिए। समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने बताया कि भारत में अमरूद की कई किस्में उपलब्ध हैं, जिनमें हरा-सफेद, हरा-लाल और बैंगनी-काला शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 1998 में इलाहाबाद और लखनऊ से कई किस्में किसानों को उपलब्ध कराई गई थीं, जबकि वर्ष 2012 में काला बादशाह अमरूद के 200 पेड़ किसानों को प्रदान किए गए।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, काला बादशाह अमरूद औषधीय गुणों से भरपूर है। इसमें फाइबर, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो पाचन संबंधी समस्याओं, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कमजोर इम्यूनिटी को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। यह हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करता है और वजन घटाने में सहायक होता है। इसके सेवन से त्वचा में निखार आता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।

किसानों के लिए काला बादशाह अमरूद पारंपरिक अमरूद की तुलना में अधिक लाभदायक साबित हो रहा है। स्वाद और औषधीय गुणों की वजह से यह न केवल स्थानीय बाजार में बल्कि आसपास के जिलों में भी मांग में है।

काले अमरूद की इस सफलता ने भुसावर और आसपास के क्षेत्रों में किसानों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोला है और यह दिखाता है कि किस प्रकार विशेष किस्में कृषि क्षेत्र में लाभ और स्वास्थ्य लाभ दोनों ही प्रदान कर सकती हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story