भरतपुर जिले के उच्चैन में प्रशासनिक विवाद ने शुक्रवार को राजनीतिक रंग ले लिया, जब वंदे भारत कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार रावत का भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उच्चैन उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को एपीओ करने की मांग को लेकर मंत्री के सामने नारेबाजी की, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया।

घटना के दौरान मंत्री को घेरे हुए कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच कहासुनी हो गई। काफी देर तक चली गर्मागर्मी के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने हस्तक्षेप करते हुए मंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद भी आक्रोशित भाजपाई जिला कलेक्टर से भी उलझते हुए दिखाई दिए।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे लंबे समय से उच्चैन एसडीएम के एपीओ की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारी क्षेत्र में नागरिकों के साथ अपमानजनक व्यवहार करती हैं और जनसुनवाई में लापरवाही बरतती हैं।

उच्चैन विधायक जगत सिंह ने भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर एसडीएम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि एसडीएम धारा द्वारा ग्रामीणों के साथ अनुचित व्यवहार किया जा रहा है और उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।

विधायक ने बताया कि 5 नवम्बर को ग्राम फतेहपुर उच्चैन में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान जब ग्रामीणों ने समस्याएं बताने की कोशिश की, तो एसडीएम ने उनकी बात सुने बिना कार्यक्रम स्थल छोड़ दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने खुलेआम विरोध जताया।

विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि एसडीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर एससी/एसटी एक्ट और राजकार्य में बाधा के तहत मुकदमे दर्ज करवाए हैं, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा असंतोष है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था को सामान्य करने हेतु अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।

घटनाक्रम ने भरतपुर जिले की राजनीति को नई दिशा दे दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और विधायक की शिकायत के बाद अब यह मामला राज्य सरकार के उच्च स्तर पर पहुंच गया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासनिक और राजनीतिक टकराव के इस विवाद का अंत किस रूप में होता है।

Umesh Lawania, Bharatpur

Umesh Lawania, Bharatpur

उमेश लावणिया भरतपुर से हमारे प्रतिष्ठित संवाददाता हैं। स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों के सटीक और समयनिष्ठ कवरेज के लिए उन्हें जाना जाता है। प्रात:काल न्यूज़ के पाठकों तक वे हमेशा सत्यनिष्ठ और प्रभावशाली खबरें पहुँचाते हैं। उनके लेख और रिपोर्टिंग में गहराई, स्पष्टता और भरोसेमंद जानकारी का समावेश रहता है, जो उन्हें हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म का एक अहम स्तंभ बनाता है।

Next Story