भरतपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, भरतपुर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से रणजीत नगर स्थित स्वास्थ्य मंदिर में "कम तेल की थाली–स्वस्थ भारत की खुशहाली" कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला संयोजिका कविता गोयल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा और विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रदेश मंत्री हंसिका गुर्जर उपस्थित रहीं।

अध्यक्षीय उद्बोधन में कविता गोयल ने स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए कहा कि परिवार की रसोई ही स्वास्थ्य की असली नींव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कम तेल और संतुलित आहार का सेवन कर विभिन्न बीमारियों से बचाव संभव है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने स्वस्थ परिवार को सशक्त राष्ट्र का आधार बताते हुए महिलाओं को पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री हंसिका गुर्जर ने प्रधानमंत्री के संकल्प की सफलता के लिए प्रत्येक परिवार द्वारा स्वस्थ दिनचर्या को अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बिना तेल के तैयार पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रतियोगिता रही, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में दीपिका ने प्रथम, श्वेता ने द्वितीय और ज्योति कपूर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं का चयन निर्णायक मंडल की सोनल गुप्ता और शिखा रामूका द्वारा किया गया, जिन्हें मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान फूड एक्सपर्ट अंजना सोनी ने तेल-रहित स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों की विधि और उनके पोषण संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी दी। नेचुरोपैथी विशेषज्ञ डॉ. वीरेंद्र अग्रवाल ने संतुलित आहार के महत्व को समझाते हुए बताया कि जीवनशैली जनित रोगों से बचने के लिए कम तेल का भोजन अनिवार्य है। कार्यक्रम का संचालन विभा गर्ग ने किया और आभार प्रदर्शन स्वाति अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर कुसुम जघीना, रेनू सिंह, संगीता शर्मा, सुनीता सिंघल, अर्चना अग्रवाल, अर्चना गोयल, रंजन खंडेलवाल, शिखा गोयल और साधना गोयल सहित महिला मोर्चा की अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं, जिन्होंने स्वस्थ खान-पान को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

Umesh Lawania, Bharatpur

Umesh Lawania, Bharatpur

उमेश लावणिया भरतपुर से हमारे प्रतिष्ठित संवाददाता हैं। स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों के सटीक और समयनिष्ठ कवरेज के लिए उन्हें जाना जाता है। प्रात:काल न्यूज़ के पाठकों तक वे हमेशा सत्यनिष्ठ और प्रभावशाली खबरें पहुँचाते हैं। उनके लेख और रिपोर्टिंग में गहराई, स्पष्टता और भरोसेमंद जानकारी का समावेश रहता है, जो उन्हें हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म का एक अहम स्तंभ बनाता है।

Next Story