देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घकालिक नेतृत्व और 4399 दिनों की ऐतिहासिक राजनीतिक यात्रा के उपलक्ष्य में चल रहे विशेष आयोजनों की कड़ी में मंगलवार को भरतपुर में धार्मिक और राजनीतिक संगम का दृश्य देखने को मिला, जब किला परिसर स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य महाआरती का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महाआरती का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा के नेतृत्व में किया गया, जहां सर्वप्रथम मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके पश्चात महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना बताया गया।

महाआरती के उपरांत भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के सफलतम 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब, शोषित एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं और वैश्विक चुनौतियों को अवसरों में बदलते हुए ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना हेतु यह महाआरती आयोजित की गई, ताकि देश में सुख-शांति और विकास की गति बनी रहे।

पूर्व प्रदेश मंत्री गिरधारी तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 4399 दिनों की यात्रा को जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता गिरधारी गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और वैश्विक नेतृत्व की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।

जिला मीडिया प्रभारी डॉ. वीरेंद्र पचैरी ने जानकारी दी कि इस अवसर पर संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर घनश्याम शर्मा, जिला आबकारी अधिकारी राजीव शर्मा, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, सहायक आयुक्त देवस्थान मुकेश मीणा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष बृजेश अग्रवाल, श्याम सुंदर गौड़, जिला मंत्री नरेंद्र सिंघल, सोशल मीडिया जिला संयोजक आशीष खंडेलवाल, आईटी संयोजक कृष्णा जाट, जिला प्रवक्ता देवेंद्र चामड़, नेतराम जाटव, जय किशन दीक्षित, चिरौंजा राम जाटौली सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

यह आयोजन धार्मिक आस्था और राजनीतिक संदेश के समन्वय के रूप में सामने आया, जिसने क्षेत्र में विशेष चर्चा का वातावरण निर्मित किया।

Mukesh Kumar, Bharatpur

Mukesh Kumar, Bharatpur

मुकेश कुमार भरतपुर से प्रात:काल वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। अपने गहन अनुसंधान और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मुकेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं। समाजिक मुद्दों, स्थानीय घटनाओं और महत्वपूर्ण समाचारों पर उनकी रिपोर्टिंग पाठकों के लिए विश्वसनीय और सूचनाप्रद होती है। मुकेश का उद्देश्य हमेशा सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करना है, जिससे प्रात:काल अपने पाठकों के लिए एक भरोसेमंद समाचार स्रोत बना रहे।

Next Story