भुसावर के बादशाह की हौद मोक्षधाम में श्रीमद् भागवत कथा का समापन
पितृ शांति के उद्देश्य से श्मशान घाट पर आयोजित सात दिवसीय कथा के बाद सेठ गूजरमल धर्मशाला में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।

भुसावर के सेठ गूजरमल चैरिटेबल ट्रस्ट धर्मशाला में आयोजित भंडारे के दौरान पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु।
भुसावर कस्बे में स्थित सुहारी सड़क मार्ग पर बने बादशाह की हौद मोक्षधाम (श्मशान घाट) में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का समापन गुरुवार, 14 मई को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन पितृ आह्वान एवं संकल्प के उद्देश्य से समस्त कस्बावासियों तथा ठाकुर-ठाकुरानी के नेतृत्व में आयोजित किया गया था, जो क्षेत्र में चर्चा और आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा।
इस अनोखे धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण किया। आयोजन स्थल पर एक ओर “जय-जय श्री राधे” के जयघोष गूंजते रहे तो वहीं बुधवार को “राम-राम सत्य है” के स्वर से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय और भावनात्मक हो उठा।
समापन दिवस पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें पण्डित पुष्पेन्द्र मिश्र सहित बाहर से पधारे विद्वान पंडितों ने पितरों की शांति और मोक्ष की कामना के साथ विश्व शांति एवं मानव कल्याण की भावना से मंत्रोच्चारण कर सैकड़ों श्रद्धालुओं से आहुतियां डलवाईं। कथा वाचक पण्डित पुष्पेन्द्र मिश्र ने श्रीमद् भागवत कथा के माध्यम से भक्ति, धर्म, सत्कर्म एवं मानव जीवन के आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कथा समापन के पश्चात भुसावर कस्बे के हिंडौन सड़क मार्ग स्थित सेठ गूजरमल चैरिटेबल ट्रस्ट धर्मशाला में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो यूको बैंक के पास आयोजित हुआ। भंडारे में पुआ, खीर और सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे कस्बे सहित उपखंड क्षेत्र के हजारों लोगों ने पंगत में बैठकर ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर अपने परिवारों की सुख-शांति, समृद्धि तथा क्षेत्र में खुशहाली की कामना की।
सात दिवसीय इस आयोजन में श्रद्धालुओं की निरंतर उपस्थिति, सामूहिक सहयोग और धार्मिक वातावरण ने भुसावर के बादशाह की हौद मोक्षधाम (श्मशान घाट) को एक अनोखे आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया, जो पितृ शांति, मोक्ष और लोककल्याण की भावना का प्रतीक बन गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
