भुसावर में गुरुवार 07 मई से भक्ति, श्रद्धा और अध्यात्म का विराट संगम देखने को मिला। कस्बे के सुहारी सड़क मार्ग स्थित बादशाह की हौद मोक्षधाम में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा और आकर्षक सजीव झांकियों के साथ हुआ। श्री हरि के जयकारों से पूरा कस्बा गूंजायमान हो उठा, जबकि जीवित सर्पों से सुसज्जित शिवजी के त्रिशूल की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रही।

कथा वाचक पण्डित पुष्पेन्द्र मिश्र ने बताया कि पितृ आह्वान में संकल्प को लेकर समस्त कस्बेवासियों तथा आयोजक श्री ठाकुर ठकुरानी एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से बादशाह मोक्षधाम में पहली बार सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार सुबह 08 बजकर 15 मिनट पर हिंडौन सड़क मार्ग स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमानजी मंदिर परिसर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ।

बैण्ड बाजों और धार्मिक भजनों की गूंज के बीच निकली इस यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर सिर पर मंगल कलश रखकर भागीदारी निभाई। यात्रा में राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों के साथ शिवजी के त्रिशूल पर जीवित सर्पों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। इस दौरान दूर-दराज से पधारे संत श्री दीनबंधु जी महाराज की मौजूदगी रही।

श्री धाम वृन्दावन से पधारे विद्वान पण्डित शुभम, राज और धर्मेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में निकली यह कलश यात्रा कोठी वाले हनुमानजी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर कानूनगो मोहल्ला, पुरानी अनाज मंडी, मुख्य बाजार, सपाट, बस स्टैण्ड, हिंडौन सड़क मार्ग और पोस्ट ऑफिस सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

कस्बे सहित उपखण्ड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे सनातन धर्म प्रेमियों और श्रद्धालुओं ने धर्म ध्वजा फहराते हुए कथा का स्वागत किया। ठाकुरजी पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का जलपान के साथ स्वागत-सम्मान किया गया। बादशाह की हौद मोक्षधाम में कथा व्यास पण्डित पुष्पेन्द्र मिश्र ने अपनी अमृतमयी वाणी से श्रद्धालुओं को निहाल करते हुए पितृ आह्वान में संकल्प दिलाया।

आयोजकों के अनुसार श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन 07 मई से 14 मई तक प्रतिदिन दोपहर 03 बजे से सायं 07 बजे तक किया जाएगा। पितृ आह्वान में संकल्प हेतु पहली बार बादशाह मोक्षधाम में आयोजित इस कथा को लेकर क्षेत्रभर में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। कथा की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कलश यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ा और पूरा सुहारी सड़क मार्ग श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी बनाए रखी गई। धार्मिक आस्था, सनातन परंपरा और सामूहिक सहभागिता के इस विराट आयोजन ने भुसावर कस्बे को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story