भुसावर में श्रीमद् भागवत कथा शुरू, कलश यात्रा के साथ हुआ भव्य आगाज
भरतपुर के भुसावर कस्बे में अधिक मास पर सात दिवसीय भागवत महोत्सव शुरू हुआ, बन्देश्वर महादेव मंदिर में डॉ. कृष्णा पाठक करेंगी कथा वाचन।

भुसावर के प्राचीन कोठी वाले हनुमान जी मंदिर प्रांगण में श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर कलश यात्रा से पूर्व पूजन करते आयोजक बौहरा परिवार के सदस्य और कथा वाचिका डॉ. कृष्णा पाठक (पीले वस्त्रों में बाएं से दूसरी)।
ऐतिहासिक शहर भुसावर के फिजाओं में आज उस समय भक्ति और अध्यात्म की अविरल धारा घुल गई, जब अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के पावन अवसर पर श्री हरि के गगनभेदी जयकारों के साथ सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का भव्य शंखनाद हुआ। कस्बा स्थित बन्देश्वर महादेव मंदिर, बंध का नंगला में 05 जून शुक्रवार से शुरू हुए इस दिव्य आयोजन के संदर्भ में प्रख्यात कथा वाचिका व्यास डॉ. कृष्णा पाठक ने इसे सभी वेदों का सार तत्व बताया है।
यह समस्त आध्यात्मिक महोत्सव परमपिता परमात्मा की असीम कृपा तथा संरक्षक रत्न लाल जी बोहरा एवं ब्रह्मा देवी जी के शुभाशीष से समस्त बौहरा परिवार के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजक परिवार के सदस्य विष्णु बोहरा, लोकेश बोहरा, हरि बोहरा, प्रकाश चन्द और केशव देव ने विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह भव्य संगीतमय आयोजन 05 जून शुक्रवार से प्रारंभ होकर आगामी 12 जून शुक्रवार 2026 तक निरंतर संचालित होगा।
इस धार्मिक महोत्सव का ऐतिहासिक आगाज शुक्रवार सुबह एक भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। हिण्डौन सड़क मार्ग स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बाद इस यात्रा को रवाना किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधान और वेशभूषा धारण कर, सिर पर मंगल कलश लेकर और मधुर मंगल गीत गाते हुए सहभागिता की। बैंड-बाजे की मधुर धुनों और धार्मिक भजनों की स्वर लहरियों के बीच यह कलश यात्रा कोठी वाले हनुमान जी मंदिर प्रांगण से शुरू होकर कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसने संपूर्ण क्षेत्र को पूरी तरह से भक्तिमय परिवेश में सराबोर कर दिया।
आस्था और अगाध उत्साह के इस माहौल में कस्बे के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पलक-पावड़े बिछाकर ठाकुर जी की भव्य आरती उतारी, पुष्प वर्षा की तथा यात्रा में शामिल लोगों को जलपान करवाकर अभूतपूर्व स्वागत किया। सैकड़ों श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक रूप से धर्म ध्वजा फहराते हुए पावन कथा का यह आगाज देखना एक दुर्लभ और आलौकिक अवसर सिद्ध हुआ। यह कलश यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए मुख्य कथा स्थल बन्देश्वर महादेव मंदिर, बंध का नंगला पहुंची।
कथा स्थल पर अब आगामी 12 जून तक प्रतिदिन दोपहर 02:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। इस मंच से नीम करोली बाबा की शरणागत भक्त एवं जयपुर से पधारी हुई बाल ब्रह्मचारिणी व्यास डॉ. कृष्णा पाठक अपनी अमृतमयी वाणी से भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं, उनके दिव्य चरित्र, अनन्य भक्ति तथा मानव जीवन के आदर्श मूल्यों का भावपूर्ण वर्णन कर भक्तों को निहाल करेंगी।
दूसरी ओर, इस पुनीत और बृहद कार्य को पूर्णतः सफल बनाने के लिए समस्त बौहरा परिवार के श्रद्धालु, सनातन धर्मप्रेमी और भक्त मंडल के सदस्य दिन-रात पूरी निष्ठा से सेवा कार्यों में संलग्न हैं। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान न केवल आध्यात्मिक चेतना को जाग्रत कर रहा है, बल्कि भुसावर क्षेत्र में सुदृढ़ सामुदायिक एकता, सेवा भाव और अटूट धार्मिक निष्ठा की एक अनुपम व जीवंत मिसाल भी पेश कर रहा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
