भुसावर में सावन माह की पावन बेला पर शनिवार, 22 अगस्त को धर्म, आस्था और शिव भक्ति का संगम देखने को मिला। भगतराज वाले हनुमान जी भक्त मंडल, शिव डांक कांवड़ सेवा समिति एवं समस्त कस्बेवासियों के तत्वावधान में निशुल्क शिव डांक कांवड़ यात्रा का विधि-विधानपूर्वक शुभारंभ किया गया। 21 शिव भक्त कांवड़ लेने के लिए कछला घाट, सौरों जी रवाना हुए। सभी भक्त सावन माह के आखिरी सोमवार, 24 अगस्त को भगतराज वाले हनुमान जी मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।

यात्रा का शुभारंभ खिरकारी के पास सैरकी सड़क मार्ग स्थित भगतराज वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में मंदिर के पुजारी घनश्याम शर्मा द्वारा विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद 21 शिव भक्तों ने परिवार सहित अपने से बड़ों का आशीर्वाद लिया। बहनों और बेटियों ने भक्तों के मस्तक पर रोली का टीका लगाया। डीजे पर बज रहे शिव भजनों के बीच भक्त नृत्य करते हुए ‘बोल बम-बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों के साथ नगर परिक्रमा के लिए निकले।

नगर परिक्रमा के दौरान भुसावर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने शिव भक्तों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और जलपान कराया। इसके बाद छोकरवाड़ा सड़क मार्ग स्थित राजा मंडी के पास ठाकुर गणेश जी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा यात्रा के मंगलमय होने की कामना की गई।

पूजा-अर्चना के बाद 21 शिव भक्त वाहन में सवार होकर डांक कांवड़ लेने के लिए कछला घाट, सौरों जी रवाना हुए। भक्त सावन माह के आखिरी सोमवार, 24 अगस्त को भगतराज वाले हनुमान जी मंदिर में हनुमान जी और भोले की इच्छा अनुसार विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक करेंगे।

भगतराज वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में भक्त मंडल के सदस्य कपिल शर्मा, रोहित सैनी (ऑर्गेनाइजर, रोहित पुष्प कला केन्द्र), सुनील सैनी, घनश्याम शर्मा और भूरी सैनी ने बताया कि शिव कांवड़ सेवा समिति मंडल, भगतराज वाले हनुमान जी मंदिर एवं समस्त कस्बेवासियों के तत्वावधान में निशुल्क शिव डांक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया है।

जलाभिषेक के दौरान भगतराज वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में भक्त मंडल की ओर से ढोलक, झांझ और मजीरा की थाप पर हरि नाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन के साथ 21 शिव भक्तों की डांक कांवड़ यात्रा का अगला पड़ाव 24 अगस्त को होने वाला जलाभिषेक रहेगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story