भरतपुर जिले की भुसावर तहसील में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष में शुक्रवार देर सायंकाल शीतला माता मंदिर परिसर में विशाल भजनामृत रसगंगा एवं जगराते का भव्य आयोजन हुआ। शीतला माता भक्त मंडल और कस्बेवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरी रात भक्ति रस में गोते लगाए। भजनों, भेंटों और लागुरिया की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु नृत्य कर झूम उठे तथा माता के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।

हिंडौन सड़क मार्ग स्थित शीतला माता मंदिर के पुजारी गोविंदा भगत प्रजापत ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 22 मई शुक्रवार को मंदिर परिसर में विशाल भजनामृत रसगंगा जगराते का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता की ज्योति प्रज्ज्वलित कर तथा माता का बाना लगाकर देर सायंकाल किया गया।

जगराते में स्थानीय एवं दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे गायक कलाकार रामकिशन सैनी, तेजसिंह अकेला और एस के म्युजिकल ग्रुप पथैना ने मां भगवती साउंड सेंटर के ऑपरेटर दीपक गुप्ता की मधुर ध्वनि व्यवस्था के बीच एक से बढ़कर एक भजन, भेंट, लागुरिया और शीतला माता की महिमा का गुणगान प्रस्तुत किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा।

मंदिर परिसर में आयोजित भजनामृत रसगंगा जगराते में कस्बे सहित उपखंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की कामना की। भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु भावविभोर होकर माता के जयकारे लगाते रहे।

भजनामृत रसगंगा जगराते का समापन माता की आरती के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं को हलवा और चना की प्रसादी वितरित की गई। धार्मिक आस्था, भक्ति और सामूहिक सहभागिता से संपन्न यह आयोजन भुसावर क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story