भरतपुर जिले के ऐतिहासिक नगरों में शामिल भुसावर में आगामी 22 मई शुक्रवार को देर सायंकाल भक्ति और आस्था का विराट संगम देखने को मिलेगा। शीतला माता मंदिर पर शीतला माता भक्त मण्डल के संयुक्त तत्वाधान में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष में विशाल भजनामृत रसगंगा का भव्य आयोजन किया जाएगा।

आयोजन में स्थानीय एवं दूर-दराज के विभिन्न क्षेत्रों से आए गायक कलाकार माता की भेंटों, भजनों, लागुरिया और शीतला माता की महिमा का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम को लेकर समस्त शीतला भक्त मण्डल एवं कस्बेवासियों में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन की तैयारियों में माता के लांगुरिया सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

हिंडौन सड़क मार्ग स्थित शीतला माता मंदिर के पुजारी गोविन्दा भगत प्रजापत ने जानकारी देते हुए बताया कि पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 22 मई शुक्रवार को मंदिर परिसर में शीतला भक्त मण्डल और कस्बेवासियों के सहयोग से भजनामृत रसगंगा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारम्भ माता की ज्योति प्रज्ज्वलित कर देर सायंकाल किया जाएगा।

भजनामृत रसगंगा में मां भगवती साउंड सेंटर की मधुर ध्वनि के साथ एक से बढ़कर एक भजन, भेंट, लागुरिया और माता की महिमा का गुणगान किया जाएगा। मंदिर परिसर में कस्बे सहित उपखंड क्षेत्र से आए श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी लगाकर अपनी मनोकामनाओं की प्रार्थना करेंगे और भजनामृत रसगंगा में सहभागी बनेंगे।

कार्यक्रम का समापन आरती के पश्चात प्रसादी वितरण के साथ किया जाएगा। आयोजकों द्वारा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस भजनामृत रसगंगा में शामिल होकर भक्ति रस में डुबकी लगाने की अपील की जा रही है। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामूहिक भक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story