मीन मलमास की समाप्ति और सूर्य के मेष राशि में प्रवेश के साथ ही मांगलिक कार्यों की गूंज पुनः प्रारंभ हो गई है। इसी क्रम में 19 अप्रैल, अक्षय तृतीया (आखातीज) के पावन अबूझ सावे पर भरतपुर जिले के ऐतिहासिक कस्बे भुसावर में सामाजिक समरसता की अनुपम मिसाल देखने को मिली। सैनी समाज सेवा समिति तहसील भुसावर के तत्वावधान में आयोजित प्रथम आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन में माली, कुशवाह, शाक्य, मौर्य, यदुवंशी एवं सैनी समाज के 40 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परिग्रहण संस्कार में बंधकर जीवनसाथी बने। बल्लभगढ़ सड़क मार्ग स्थित नायावास के पास सीओ ऑफिस परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह ने न केवल सादगी का संदेश दिया, बल्कि संपूर्ण समाज की एकजुटता का प्रभावशाली परिचय भी पेश किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भरतपुर सांसद संजना जाटव ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि विवाह एक महत्वपूर्ण सामाजिक संस्कार है, जिसे सादगी और सामूहिकता के साथ भी पूर्ण गरिमा के साथ निभाया जा सकता है। उन्होंने मंच से सामाजिक समरसता और शिक्षा के स्तर को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर राहुल सैनी, पूर्व जिला परिषद सदस्य जगदीश मीणा वोंराज, कोठी वाले हनुमानजी महिला भक्त मंडल, किन्नर समाज की सौनम बाई, सैनी मिष्ठान भंडार भरतपुर, नगर पालिका वैर के पूर्व चेयरमैन मुकेश कुमार सैनी और ब्रजनगर के चेयरमैन रमन सैनी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। इसके अतिरिक्त प्रजापति समाज, नगर पालिका भुसावर के चेयरमैन प्रतिनिधि प्रकाश चन्द जाटव, पूर्व चेयरमैन देशराज पहाड़िया, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि चन्द्र प्रकाश अवस्थी और अपना घर सेवा समिति उपशाखा भुसावर के राजकुमार बंसल ने भी वर-वधु को मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

समिति के अध्यक्ष चन्दर सैनी एवं उपाध्यक्ष व पार्षद रामस्वरूप सैनी 'बन्टी भगत' ने आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि समारोह की शुरुआत प्रातः काल से हुई। सुबह 07:30 बजे कन्या पक्ष ने खादी ग्रामोद्योग भंडार पर और वर पक्ष ने नाथू का नंगला मार्ग स्थित दीवान वाले हनुमानजी मंदिर परिसर में अल्पाहार ग्रहण किया। तत्पश्चात सुबह 08 बजे घोड़ी, बैंड-बाजे और डीजे की धुनों के साथ भव्य निकासी निकाली गई, जो प्रातः 11 बजे विवाह स्थल पहुंची। दोपहर 12 बजे आयोजित आशीर्वाद समारोह और पाणिग्रहण संस्कार के दौरान हजारों लोगों की उपस्थिति में इन जोड़ों ने दांपत्य जीवन में प्रवेश किया। इस विशाल आयोजन के माध्यम से सैनी समाज ने न केवल कुरीतियों को त्यागने का संकल्प लिया, बल्कि संगठित होकर समाज को नई दिशा प्रदान करने का भी आह्वान किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story