भुसावर में रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, तैयारियों के लिए बांटे पीले चावल
भरतपुर के भुसावर में 26 मार्च को राम जन्मोत्सव पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे, कोठी वाले हनुमान मंदिर से सजीव झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी।

भुसावर (भरतपुर)। राजस्थान के ऐतिहासिक कस्बे भुसावर सहित संपूर्ण उपखण्ड क्षेत्र में आगामी 26 मार्च, गुरुवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जन्मोत्सव अपार श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाने हेतु तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं। क्षेत्र के विभिन्न राम-हनुमान मंदिरों में विशेष आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत जन-जन की आस्था के प्रमुख केंद्र हिण्डौन सड़क मार्ग स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमानजी मंदिर परिसर में भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान एवं पवनपुत्र की असीम अनुकंपा से भव्य रामनवमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और सनातन धर्म प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
कोठी वाले हनुमानजी मंदिर के पुजारी रोहित शर्मा और डव्वू जती ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की परंपरा को जीवंत रखते हुए इस वर्ष भी 26 मार्च को महोत्सव का स्वरूप अत्यंत विशाल होगा। आयोजन का शुभारंभ प्रातः 09 बजे विश्व शांति एवं मानव कल्याण की पावन भावना के साथ विशेष यज्ञ-हवन से होगा, जिसमें श्रद्धालु आहुतियां प्रदान करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे 'भये प्रगट कृपाला दीनदयाला' की गूंजती चौपाइयों के साथ प्रभु श्री राम का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा। दोपहर बाद सायं 04 बजे मंदिर परिसर से एक भव्य शोभायात्रा रवाना होगी, जिसमें बैंड-बाजों की स्वर लहरियों के बीच लगभग एक दर्जन मनमोहक एवं आकर्षक सजीव झांकियां शामिल रहेंगी। यह शोभायात्रा कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी।
इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से भक्त मंडल के सक्रिय सदस्य अधिवक्ता धनेन्द्र कुमार पाण्डेय, समाज सेवी विष्णु सैन, प्रमोद कुमार सोनी, टीटू जांगिड़, विष्णु कुमार, शुभम सिंघल, रोहित शर्मा, अधिवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय और डव्वू जती सहित अन्य भक्तों ने कमर कस ली है। कार्यकर्ताओं ने टोलियां बनाकर चौर का मन्दिर, पुरानी अनाज मण्डी, मुख्य बाजार, उपरला बाजार, पुरानी सब्जी मण्डी, छोकरवाड़ा सड़क मार्ग, बस स्टैण्ड एवं हिण्डौन सड़क मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क किया। राजस्थान की गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए दुकानदारों, राहगीरों और आमजन को पीले चावल बांटकर सपरिवार शोभायात्रा में सम्मिलित होने का भावपूर्ण निमंत्रण दिया गया। इस अभियान का मूल उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करना और धर्म के प्रति नई पीढ़ी की आस्था को जगाना है।
रामनवमी महोत्सव का समापन भव्य महाआरती और प्रसादी वितरण के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के समस्त श्रद्धालु एवं सनातन धर्म प्रेमी अपनी हाजिरी लगाने को आतुर हैं, जहां वे परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना करने के साथ-साथ भगवान श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का सामूहिक संकल्प लेंगे।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
