भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल तहसील भुसावर के हिण्डोंन सड़क मार्ग स्थित अति प्राचीन कोठी वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में बुधवार देर सांयकाल पुरुषोत्तमा एकादशी के परम मंगलमय अवसर पर संगीतमय कथा, सत्संग और कीर्तन का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। आयोजन श्री सीताराम जी सरकार एवं श्री कोठी वाले हनुमान जी महाराज की कृपा से सम्पन्न हुआ, जिसमें स्थानीय सहित दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन किए और अपनी अरदास लगाकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम में कथा व्यास पण्डित पुष्पेन्द्र मिश्र ने मां भगवती साउन्ड सेन्टर की मधुर ध्वनि के बीच पुरुषोत्तम मास और पुरुषोत्तमा एकादशी की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। अपने प्रवचनों में उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान की विशेष कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ अवसर है। इस दौरान किए गए दान, जप, तप और सत्कर्मों का अनन्त गुना फल प्राप्त होता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार अत्यधिक कर्ज में डूबे व्यक्ति को समझौते के माध्यम से राहत मिल जाती है, उसी प्रकार मनुष्य यदि सच्चे भाव से भगवान का स्मरण करे तो परमात्मा उसके अपराधों और पापों को क्षमा कर देते हैं।

कथा के दौरान पण्डित पुष्पेन्द्र मिश्र ने श्रद्धालुओं से दान, सेवा और सत्कर्म करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति भागवत की शरण में आता है, उसका मन निर्मल होता है और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। इस दौरान मंदिर प्रांगण में भजनों के माध्यम से ठाकुर जी को रिझाया गया तथा सत्संग और कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।

पुरुषोत्तमा एकादशी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के समक्ष हाजिरी लगाकर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। कार्यक्रम का समापन आरती और प्रसादी वितरण के साथ हुआ। धार्मिक वातावरण और भक्ति भाव से ओतप्रोत इस आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का विशेष संदेश दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story