भुसावर: आरजीएचएस योजना बंद होने पर पेंशनर्स ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
राजस्थान पेंशनर्स समाज ने उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन देकर तत्काल प्रभाव से निःशुल्क दवा और उपचार व्यवस्था बहाल करने की मांग की।

भरतपुर के भुसावर में सोमवार को आरजीएचएस योजना के तहत चिकित्सा सुविधाएं ठप होने के विरोध में उपखण्ड अधिकारी राधेश्याम मीणा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते पेंशनर्स समाज उप शाखा के अध्यक्ष महेश चन्द जती और अन्य सदस्य।
भरतपुर जिले की ऐतिहासिक तहसील भुसावर में राजस्थान सरकार की आरजीएचएस योजना के तहत निःशुल्क उपचार और दवा व्यवस्था ठप होने से नाराज राजस्थान पेंशनर्स समाज उप शाखा भुसावर सोमवार को खुलकर विरोध में उतर आया। पेंशनर्स समाज उप शाखा के अध्यक्ष महेश चन्द जती के नेतृत्व में सैकड़ों पेंशनर्स ने उपखण्ड अधिकारी राधेश्याम मीणा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरजीएचएस व्यवस्था को तत्काल सुचारु करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेशभर के पेंशनर्स पिछले लगभग एक वर्ष से आरजीएचएस योजना के तहत अनुमोदित अस्पतालों और फार्मा स्टोर्स से मिलने वाली सुविधाओं में लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं। पेंशनर्स ने आरोप लगाया कि 14 अप्रैल 2026 से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई, जब सूचीबद्ध अस्पतालों ने आरजीएचएस योजना के अंतर्गत उपचार देना बंद कर दिया तथा फार्मा स्टोर्स द्वारा भी निःशुल्क दवाइयों की उपलब्धता रोक दी गई।
पेंशनर्स समाज उप शाखा भुसावर के अध्यक्ष महेश चन्द जती ने ज्ञापन में उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकांश पेंशनर्स वृद्धावस्था में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं और नियमित उपचार व दवाइयों पर निर्भर हैं। ऐसे में चिकित्सा सुविधाएं बाधित होने से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि चिकित्सा सुविधा के अभाव में किसी पेंशनर के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में पेंशनर्स समाज उप शाखा भुसावर के सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे। पेंशनर्स ने आरजीएचएस योजना को इंश्योरेंस अथवा पुनर्भरण मोड पर ले जाने के किसी भी प्रयास का पुरजोर विरोध करते हुए सरकार से तत्काल प्रभाव से दवा और उपचार व्यवस्था बहाल करने की मांग की। आंदोलन के स्वर के बीच भुसावर में पेंशनर्स की नाराजगी अब सरकार के लिए बड़ा प्रशासनिक और सामाजिक मुद्दा बनती दिखाई दे रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
