भुसावर (भरतपुर)। भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शुमार भुसावर कस्बे सहित संपूर्ण उपखण्ड क्षेत्र में रविवार, 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी का प्राकट्य दिवस अपार श्रद्धा, धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में कस्बे के समस्त विप्र बंधुओं और सनातन धर्मप्रेमियों ने सपरिवार सम्मिलित होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और विप्र समाज में एकजुटता का सशक्त संदेश दिया।

आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए भगवान परशुराम सेवा समिति के सदस्य महेश चंद जति ने बताया कि कस्बे के मुख्य बस स्टैंड के समीप हिण्डौन सड़क मार्ग पर स्थित बिजली घर के पास पारवाले हनुमानजी मंदिर परिसर में भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव भव्य रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 08 बजे मंदिर प्रांगण में भगवान परशुराम जी की प्रतिमा के अभिषेक के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्वान पंडित बबलू नवारिया द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन यज्ञ संपन्न कराया गया। इस दौरान फूल बंगला झांकी सजाई गई और 108 दीपों के साथ महाआरती का आयोजन कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी का वितरण किया गया।

समानांतर रूप से, कस्बे की बरपाड़ा कॉलोनी स्थित ब्राह्मण समाज धर्मशाला में भी जन्मोत्सव की धूम रही। यहाँ प्रातः 09 बजे पंडित गोपाल जी शास्त्री बारौली वालों ने विधि-विधान पूर्वक मंत्रोच्चार के साथ हवन यज्ञ एवं शस्त्र पूजन का अनुष्ठान संपन्न कराया। कार्यक्रम में उपस्थित विप्र समाज के गणमान्य नागरिकों एवं बुजुर्गों का माला एवं साफा पहनाकर भावभीनी स्वागत-सम्मान किया गया। सायंकाल 07 बजकर 15 मिनट पर दीपदान महोत्सव और महाआरती का आयोजन हुआ, जिससे पूरा मंदिर परिसर भगवान परशुराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। उत्सव का मुख्य आकर्षण अखाड़े के उस्तादों, युवकों और बच्चों द्वारा प्रदर्शित कला रही, जिन्होंने पट्टेबाजी के हैरतअंगेज प्रदर्शन से उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। आस्था और शौर्य के इस अनूठे संगम ने क्षेत्र में धार्मिक चेतना का संचार किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story