पद्मिनी एकादशी पर भुसावर में जल सेवा का आयोजन, श्रद्धालुओं ने पिलाया शरबत
भरतपुर जिले के भुसावर में पद्मिनी एकादशी के अवसर पर शीतला माता भक्त मंडल ने राहगीरों को ठंडा मीठा जल और शरबत वितरित कर मानवता की मिसाल पेश की।

भरतपुर जिले के भुसावर में पद्मिनी एकादशी के अवसर पर शीतला माता भक्त मंडल के सदस्य राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाते हुए।
भुसावर (भरतपुर)। भरतपुर जिले के ऐतिहासिक तहसील मुख्यालय भुसावर सहित संपूर्ण उपखंड क्षेत्र में बुधवार को ज्येष्ठ अधिकमास के दुर्लभ योग, चित्रा और स्वाति नक्षत्र के विशेष गोचर के बीच पद्मिनी (कमला) एकादशी पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष आराधना, व्रत, जप और दान-पुण्य का दौर चला। कस्बे के प्राचीन कोठी वाले हनुमान जी मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, राधाकृष्ण युगल किशोर जी मंदिर, चतुर्भुज जी मंदिर, लक्ष्मण जी मंदिर, भगतराज वाले हनुमान जी मंदिर, हुंकारेश्वर महादेव मंदिर और अथाई वाले हनुमान जी मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भक्तों ने भगवान के समक्ष व्रत का संकल्प लिया और एकादशी व्रत की कथा का श्रवण किया। इस दौरान ठाकुर जी को श्रद्धा के अनुरूप आम, केला, चीनी और अन्य पेय पदार्थ अर्पित कर क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामनाएं की गईं।
एकादशी की आध्यात्मिक आभा के साथ ही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में मानव सेवा की एक अनुकरणीय मिसाल भी देखने को मिली। हिंडौन सड़क मार्ग स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में शीतला माता भक्त मंडल द्वारा राहगीरों और यात्रियों के लिए जल सेवा का आयोजन किया गया। तपती दुपहरी में सफर कर रहे लोगों की प्यास बुझाने के लिए भक्तों ने ठंडा मीठा जल और रूहअफजा शरबत का वितरण किया। राहगीरों को रोक-रोककर शरबत पिलाने की इस सेवाभावी पहल ने तपती गर्मी में यात्रियों को बड़ी राहत प्रदान की, जिससे उनके चेहरे खिल उठे। शीतला माता भक्त मंडल के सभी सदस्यों के सराहनीय सहयोग से संपन्न हुए इस पुनीत कार्य ने मानवता और जनसेवा का संदेश दिया, जिसकी स्थानीय लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
