भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल तहसील भुसावर कस्बे के नयागांव सड़क मार्ग पर कुण्डा जलाशय के पास स्थित मां नगरकोट वाली के दरबार में 23 मई शनिवार को विशाल जगराते का आयोजन किया जाएगा। मां नगरकोट सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत मां नगरकोट माता की पूजा-अर्चना और ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ देर सांयकाल धूमधाम से होगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले इस भव्य जगराते में स्थानीय तथा दूर-दराज से पहुंचे भजन गायक कलाकार माता रानी की महिमा का गुणगान करेंगे। पूरी रात भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियों का आनंद लेंगे। आयोजन स्थल पर फूल बंगला झांकी, रंग-बिरंगी मनमोहक आकर्षक लाइटों से सुसज्जित दरबार और विशेष सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।

मां नगरकोट वाली माता के भक्त एवं निवर्तमान पार्षद रामस्वरुप सैनी और बन्टी भगत ने बताया कि नयागांव सड़क मार्ग स्थित नगरकोट वाली माता के दरबार में भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में मां भगवती के रात्रि जागरण का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां की चौकी सजाकर ज्योति के आह्वान के साथ होगा। इस दौरान स्थानीय और दूरदराज से पधारे गायक कलाकार मधुर ध्वनि पर माता की महिमा का गुणगान कर श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर करेंगे।

उन्होंने बताया कि जगराते के दौरान मातारानी का भव्य दरबार, इत्र वर्षा और मनमोहक आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रात्रि जागरण का समापन तारा रानी के तीन जन्मों की कथा और महाआरती के साथ किया जाएगा। इसके बाद 24 मई रविवार को पूर्ण आहुति के साथ भंडारा प्रसादी का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय और दूरदराज से पहुंचे श्रद्धालु मां के दरबार में अपनी अरदास लगाकर भोजन प्रसादी ग्रहण करेंगे तथा परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और क्षेत्र में खुशहाली की कामना करेंगे।

मां नगरकोट वाली के दरबार में आयोजित होने वाला यह धार्मिक आयोजन भक्ति, आस्था और सामुदायिक एकता का प्रतीक बनेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story