भुसावर से नगरकोट ज्वाला माता की द्वितीय धार्मिक यात्रा रवाना
भरतपुर के भुसावर में 14 सदस्यीय दल हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठों के दर्शन के लिए रवाना हुआ, ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत।

भुसावर के सुहारी मार्ग स्थित नवनिर्मित मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नगरकोट ज्वाला देवी की यात्रा पर प्रस्थान करते श्रद्धालु और भक्त मंडल के सदस्य।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर कस्बे में शनिवार 25 अप्रैल को सुबह 09 बजकर 15 मिनट पर नगरकोट ज्वाला मां की द्वितीय छः दिवसीय धार्मिक यात्रा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रवाना हुई। मां बृजेश्वरी एवं नगरकोट ज्वाला मां के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में समस्त ग्रामवासी एवं भक्त मंडल की संयुक्त सहभागिता रही।
सुहारी सड़क मार्ग स्थित वार्ड नंबर 20 के नव निर्मित राजराजेश्वरी कैला देवी एवं नगरकोट ज्वाला देवी मां मंदिर, बंध का नंगला से 14 सदस्यों के दल ने विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कर यात्रा प्रारंभ की। यात्रा का नेतृत्व मंदिर के भगत पप्पूराम सैनी लटुरिया ने किया, जबकि समस्त ग्रामवासी और भक्तों का सहयोग उल्लेखनीय रहा।
रवानगी से पूर्व श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर से बैण्ड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली, जो हिंडौन सड़क मार्ग स्थित पोस्ट ऑफिस, बस स्टैंड, छोकरवाड़ा सड़क मार्ग, सपाट सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए ईटामड़ा सड़क मार्ग स्थित पथवारी मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और आगे की यात्रा के लिए प्रस्थान किया।
कस्बे सहित उपखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा दल का स्वागत किया तथा जलपान कराकर भावभीनी विदाई दी। इस दौरान सैकड़ों स्थानीय एवं दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं क्षेत्र में खुशहाली की कामना की।
भक्त मंडल के सदस्य वासुदेव पाण्डेय और विष्णु भगवान गुप्ता ने बताया कि यह 14 सदस्यीय दल हिमाचल प्रदेश के विभिन्न धार्मिक तीर्थ स्थलों सहित नगरकोट ज्वाला मां के दर्शन करेगा। यात्रा के दौरान पूरे कस्बे में देवी मां के जयकारों से वातावरण गूंजायमान रहा, जिससे भुसावर पूर्णतः भक्तिमय नजर आया।
यह धार्मिक यात्रा क्षेत्र में आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपरा के सशक्त प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है, जिसने समूचे भुसावर कस्बे को भक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
