भुसावर में मुस्कान एक पहल संस्था के सेवा कार्यों के 7 साल पूरे, 8वें वर्ष में प्रवेश
भरतपुर के भुसावर में जनसहयोग से संचालित संस्था ने आठवें वर्ष में प्रवेश पर सार्वजनिक स्थानों पर बैंच स्थापित कराईं।

तस्वीर में जनसहयोग से स्थापित की गई एक लाल और पीले रंग की कंक्रीट की बैंच दिख रही है, जिस पर पीले रंग की पीठ वाली जगह पर लाल रंग से 'प्रेरणा स्रोत - मुस्कान एक पहल भुसावर' और दानदाताओं के नाम लिखे हुए हैं।
भुसावर कस्बे में जनसहयोग से संचालित मुस्कान एक पहल संस्था ने 1 जुलाई 2026 को अपने सेवा कार्यों के आठवें वर्ष में प्रवेश कर लिया। इस अवसर पर संस्था की ओर से हिण्डोन सड़क मार्ग स्थित पोस्ट ऑफिस की चारदीवारी परिसर में बैठने के लिए चार बैंच तथा सलैमपुर खुर्द सड़क मार्ग स्थित शहर के उद्यान में दो बैंच जनसहयोग से स्थापित कराई गईं।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल तहसील भुसावर के छोंकरवाडा सड़क मार्ग स्थित किरोड़ी लाल स्मृति न्यास भवन से 1 जुलाई 2019 से संचालित संस्था लगातार निस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने का कार्य कर रही है।
संस्था के संस्थापक अरविन्द मित्तल ने बताया कि भुसावर में निवास करने वाले आर्थिक एवं शारीरिक रूप से कमजोर लोगों को पिछले सात वर्षों से हर परिस्थिति में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। कोरोना काल, आंधी, तूफान या बरसात जैसी विपरीत परिस्थितियों में भी जरूरतमंदों के घर दोनों समय घर का बना गर्म भोजन पहुंचाया जाता है। तीज-त्योहार जैसे विशेष अवसरों पर भी सभी के घरों जैसा विशेष भोजन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि आज तक ऐसा एक भी दिन नहीं आया, जब किसी जरूरतमंद के घर भोजन का टिफिन नहीं पहुंचा हो।
संस्था के सहसंयोजक लोकेश अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में मुस्कान एक पहल संस्था के माध्यम से 12 प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। इनमें निःशुल्क टिफिन सेवा, खुशियों का बाजार, शीतल जल मंदिर, विधवा की बेटी की शादी, जरूरतमंदों को राशन सामग्री उपलब्ध कराना, विशाल पक्षी घर, परिंदों के लिए दाना-पानी, गौरैया घर, गौजल सेवा, गोधन के लिए रेडियम बेल्ट, सार्वजनिक स्थानों पर बैंच स्थापना, प्राकृतिक आपदा में सहयोग तथा असहायों का अंतिम संस्कार जैसे जनहित के कार्य शामिल हैं। ये सभी प्रकल्प जनसहयोग से संचालित किए जा रहे हैं।
आठवें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राजेन्द्र गर्ग, अवस्थी जी, सुनील पाण्डेय, गौरव पण्डित, डॉ. ओम प्रकाश गुप्ता एवं धनेश चन्द शर्मा का विशेष सहयोग रहा। सात वर्षों से निरंतर सेवा कार्यों के साथ आठवें वर्ष में प्रवेश करने वाली संस्था जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लगातार मजबूत कर रही है।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
