भुसावर में मुस्कान एक पहल संस्था ने जरूरतमंदों को वस्त्र वितरित किए
श्री किरोड़ी लाल मित्तल स्मृति न्यास भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निर्धन महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को पेंट-शर्ट दिए गए।

भरतपुर के भुसावर में गुरुवार को श्री किरोड़ी लाल मित्तल स्मृति न्यास भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद महिला को साड़ी भेंट करतीं संस्था की सक्रिय कार्यकर्ता रेणु मित्तल।
भरतपुर जिले की ऐतिहासिक तहसील भुसावर में गुरुवार को सेवा, संवेदना और सामाजिक समरसता का भावुक दृश्य देखने को मिला। छोकरवाड़ा सड़क मार्ग स्थित श्री किरोड़ी लाल मित्तल स्मृति न्यास भवन में जनसहयोग से संचालित मुस्कान एक पहल संस्था ने जरूरतमंद महिलाओं और पुरुषों के लिए वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को सिलवाकर पेंट-शर्ट वितरित किए गए।
मुस्कान एक पहल संस्था समय-समय पर विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जनसहयोग से अनेक सेवा कार्य संचालित कर रही है। संस्था द्वारा प्रतिदिन सुबह-शाम जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए निशुल्क भोजन व्यवस्था, पक्षियों के लिए दाना-पानी, गौजल सेवा, शीतल जल मंदिर, जरूरतमंद एवं विधवा की बेटी की शादी, असहायों का अंतिम संस्कार सहित 12 प्रकल्पों के अंतर्गत लगातार सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
इसी श्रृंखला में 07 मई गुरुवार को आयोजित वस्त्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुस्कान एक पहल संस्था की सक्रिय कार्यकर्ता रेणु मित्तल ने बताया कि जयपुर निवासी जनक बहन ने भावुक होकर अपनी व्यथा साझा की और नर सेवा नारायण सेवा की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से आर्थिक रूप से कमजोर, बेघर और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों के लिए सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने किसी ना किसी रूप में भेजकर जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को सिलवाकर पेंट-शर्ट वितरित करवाए, जिससे आर्थिक अभाव में जीवन यापन कर रहे लोगों के आत्मसम्मान और खुशी की भावना को मजबूती मिली।
रेणु मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर निवासी जनक बहन द्वारा करीब तीन दर्जन जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियां वितरित की गईं, जबकि पुरुषों के लिए पेंट-शर्ट के कपड़े सिलवाकर उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही कपड़ों की सिलाई की व्यवस्था भी करवाई गई। निशुल्क भोजन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 50 किलो आटा भी संस्था को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुस्कान एक पहल संस्था के संस्थापक अरविन्द मित्तल, सक्रिय कार्यकर्ता रेणु मित्तल, लोकेश अग्रवाल, टीपू जोगी और मुरारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसी कर्मठ महिलाओं के सामाजिक सरोकारों से नारी सशक्तिकरण को मजबूती मिलती है और समाज में सामाजिक समरसता स्थापित होती है। भुसावर में आयोजित यह सेवा कार्यक्रम जरूरतमंदों के लिए राहत और सम्मान का प्रतीक बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
