भुसावर: मुण्डायारा चौराहा पर मां भगवती के भव्य रात्रि जागरण का आयोजन
शनिवार देर शाम कहार मोहल्ला में आयोजित भक्ति कार्यक्रम में गायक कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी और समाज सुधार का संदेश दिया।

भुसावर के मुण्डायारा चौराहा स्थित कहार मोहल्ला में आयोजित मां भगवती के रात्रि जागरण में भजन प्रस्तुति देते गायक कलाकार और उपस्थित श्रद्धालु।
भुसावर उपखण्ड मुख्यालय क्षेत्र के मुण्डायारा चौराहा स्थित कहार मोहल्ला में शनिवार देर शाम मां भगवती के भव्य रात्रि जागरण का आयोजन भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धा और भक्ति के माहौल में किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय सहित दूर-दराज से पहुंचे गायक कलाकारों ने अपनी भजन प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। जागरण के दौरान भजनों की रसधार बही तो श्रद्धालु भी नृत्य कर मां भगवती के दरबार में अपनी हाजिरी लगाते नजर आए।
मां भगवती के रात्रि जागरण कार्यक्रम का शुभारंभ मोहन जोशी, अन्नु जोशी एवं भक्त मंडल के सदस्यों द्वारा मां भगवती की चौकी सजाकर विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना के साथ किया गया। श्रद्धाभाव से मां भगवती का आह्वान करते हुए ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। इसके बाद एस के म्यूजिकल ग्रुप पथैना ने मां भगवती साउंड सेंटर के ऑपरेटर दीपक गुप्ता की मौजूदगी में जागरण की शुरुआत की।
कार्यक्रम में गायक कलाकार तेजसिंह अकेला ने गणेश वंदना, हनुमान वंदना और भैरव बाबा के भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं रामकिशन सैनी और बिट्टू ने माता की विभिन्न भेंट प्रस्तुत कर सैकड़ों श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने भजनों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का संदेश भी दिया तथा बेटियों को सम्मान देने की अपील की। इस दौरान मां भगवती की कन्या स्वरूप झांकी भी सजाई गई।
रात्रि जागरण में कलाकार मोहन द्वारा प्रस्तुत किए गए मां भगवती के लांगुरिया भजनों ने ऐसा समां बांधा कि सैकड़ों श्रद्धालु नृत्य करने पर मजबूर हो गए। पूरी रात भक्तिमय माहौल में श्रद्धालु मां भगवती के जयकारों के साथ भक्ति में डूबे रहे।
रविवार सुबह तारा रानी के तीन जन्मों की कथा के साथ जागरण कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद महाआरती कर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। जागरण में भक्त मंडल के सदस्य मुकुल जोशी, विष्णु सैन, ओके, छत्तर जोशी, पिन्टू, अजीत, विष्णु कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दरबार में हाजिरी लगाकर परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं क्षेत्र में खुशहाली की कामना की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
