भुसावर में दो विमंदित महिलाएं मिलीं, अपना घर आश्रम भरतपुर में कराई गईं भर्ती
पुलिस और अपना घर सेवा समिति के संयुक्त प्रयासों से लावारिस घूम रही महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित पुनर्वास के लिए भेजा गया।

भुसावर और खेड़ली मोड़ क्षेत्र से मिलीं दो विमंदित महिलाओं को अपना घर आश्रम भेजने के दौरान पुलिस प्रशासन और समिति के सदस्य
भुसावर उपखण्ड क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से मिली विमंदित महिलाओं को सेवा एवं पुनर्वास के लिए ‘अपना घर सेवा समिति भुसावर’ द्वारा ‘अपना घर आश्रम भरतपुर’ में भर्ती कराया गया। इस कार्रवाई ने क्षेत्र में सामाजिक संवेदनशीलता और प्रशासनिक सक्रियता को एक बार फिर रेखांकित किया।
समिति अध्यक्ष राजकुमार बंसल ने बताया कि पुलिस थाना भुसावर द्वारा सूचना दी गई कि एक महिला कई दिनों से घाटरी के जंगलों में घूम रही थी। महिला हेड कांस्टेबल नरेश कुमारी उसे पुलिस थाना भुसावर लेकर आईं। सूचना पर संरक्षक मनीराम धाकड़, बृजलाल सैनी एवं समिति सचिव शेर सिंह सैनी थाना पहुंचे। वहां महिला से जानकारी ली गई, जिसमें उसने अपना नाम रीना, पिता का नाम भग्वारी राम एवं पति का नाम रोहित बताया। इसके बाद महिला प्रभूजी को ‘अपना घर आश्रम भरतपुर’ की एम्बूलेंस से आश्रम में भर्ती करवाया गया।
इसी क्रम में थाना खेड़ली मोड़ पुलिस की सूचना पर भुसावर समिति के संरक्षक मनीराम धाकड़, भागचंद मीणा एवं ‘अपना घर सेवा समिति महुआ’ के संस्थापक हरि सिंह मीणा पुलिस थाना खेड़ली मोड़ पहुंचे। वहां दूसरी महिला प्रभु से जानकारी ली गई, जिसमें उसने अपना नाम नीलम बताया। सेवा एवं पुनर्वास के लिए उसे ‘अपना घर आश्रम भरतपुर’ की एंबुलेंस द्वारा पुलिस के सहयोग से आश्रम भरतपुर भेज दिया गया।
दोनों मामलों में पुलिस और सामाजिक संगठनों के समन्वय से विमंदित महिलाओं को सुरक्षित आश्रय और पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, जो क्षेत्र में मानवीय पहल का उदाहरण बना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
