भुसावर उपखंड के गांव बल्लभगढ़ में देर रात एक विमंदित महिला प्रभुजी के मिलने से संवेदनशील स्थिति उत्पन्न हो गई, जहां मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई के चलते उसे सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, गांव बल्लभगढ़ निवासी वीरेंद्र कुमार वर्मा ने सूचना दी कि एक महिला वैर मार्ग स्थित श्मशान के पास अकेले घूम रही है। सूचना मिलते ही अपनाघर सेवा समिति भुसावर के संरक्षक सीमा लवली भारती के निर्देशन में संरक्षक मनीराम धाकड़ एवं शेर सिंह सैनी निजी वाहन से मौके पर पहुंचे। टीम ने महिला प्रभुजी से नाम-पता पूछने का प्रयास किया, लेकिन वह जानकारी देने में असमर्थ रही और उन्हें देखकर रोने लगी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महिला प्रभुजी को थाना भुसावर लाया गया, जहां पुलिस के सहयोग से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद एम्बुलेंस के माध्यम से महिला प्रभुजी को मां माधुरी बृज वारिस सेवा सदन अपनाघर बझेरा, भरतपुर भेजकर भर्ती कराया गया।

इस पूरी कार्रवाई में अपनाघर सेवा समिति भुसावर और पुलिस की तत्परता ने एक असहाय महिला को सुरक्षित आश्रय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो क्षेत्र में सामाजिक संवेदनशीलता और सहयोग का उदाहरण बनी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story