भुसावर: कोठी वाले हनुमानजी मंदिर में श्रद्धालु ने अर्पित किया चांदी का मुकुट
भरतपुर के भुसावर में बेटी के शिक्षक बनने की खुशी में श्रद्धालु ने प्राचीन कोठी वाले हनुमान मंदिर में धार्मिक आयोजन कर मुकुट भेंट किया।

भुसावर के कोठी वाले हनुमानजी मंदिर में बेटी की सफलता पर चांदी का मुकुट अर्पित करते रामदयाल चौधरी और अन्य श्रद्धालु।
भरतपुर जिले की भुसावर तहसील स्थित हिन्डोंन सड़क मार्ग पर बने प्राचीन कोठी वाले हनुमानजी मन्दिर में शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और आस्था का विशेष संगम देखने को मिला। जन-जन की आस्था के प्रतीक माने जाने वाले इस मंदिर परिसर में मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु द्वारा धार्मिक आयोजन कर हनुमानजी को चांदी का मुकुट अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में आकर्षक झांकी सजाई गई तथा महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मन्दिर के पुजारी रोहित शर्मा डव्वू जती के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में हनुमानजी को चोला चढ़ाकर चांदी का मुकुट अर्पित किया गया। कार्यक्रम में दान, धन, स्वास्थ्य और बाधाओं से मुक्ति की कामना के साथ भक्तों ने अपनी आस्था व्यक्त की। मंदिर परिसर भक्ति भाव से सराबोर नजर आया और श्रद्धालुओं ने हनुमानजी के जयकारों के साथ अपनी श्रद्धा अर्पित की।
मंदिर के पुजारी रोहित शर्मा डव्वू जती ने बताया कि भगवान के प्रति लोगों की सच्ची आस्था और भक्ति समय-समय पर ईश्वर के अस्तित्व का एहसास कराती है। उन्होंने कहा कि मनोकामनाएं पूर्ण होने पर श्रद्धालु चोला, सवामनी, सुन्दरकाण्ड पाठ और शीतल जल वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं।
शनिवार 09 मई को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भुसावर उपखण्ड क्षेत्र के नयागांव निवासी रामदयाल चौधरी गुरुजी प्रतिनिधि (सरपंच) ने अपनी पुत्री मनीषा चौधरी के थर्ड ग्रेड शिक्षक बनने की खुशी में मंदिर परिसर में चांदी का मुकुट अर्पित किया। इस दौरान विष्णु सैन पत्रकार, मनोज सोनी, हितेश सिं्घल, गुलाब सैनी, विष्णु कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। रामदयाल चौधरी गुरुजी ने हनुमानजी के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि कोठी वाले हनुमानजी स्वयं साक्षात हैं और उनसे मांगी गई मनोकामनाएं शीघ्र पूर्ण होती हैं।
कार्यक्रम के समापन पर महिला भक्त मंडल द्वारा ढोलक, झांझ और मजीरों की थाप पर हरि संकीर्तन एवं भजनों की प्रस्तुति दी गई। महिला श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत पर नृत्य कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अंत में विधि-विधान से महाआरती संपन्न हुई तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी वितरण किया गया। धार्मिक आयोजन के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
