भुसावर में महात्मा ज्योतिबा फूले की 199वीं जयंती पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा
सैनी समाज सेवा समिति द्वारा आयोजित समारोह में झांकियां निकाली गईं और विचार संगोष्ठी के माध्यम से समाज सुधारक के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला गया।

भुसावर के मुण्डायारा चौराहा स्थित ज्योतिबा फुले पार्क में आयोजित जयंती समारोह के दौरान पुष्पांजलि अर्पित करते अतिथि और कस्बे के मार्गों से गुजरती सैनी समाज की झांकियां।
भुसावर। भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर शहर के रणधीरगढ़ सड़क मार्ग स्थित मुण्डायारा चौराहा के पास स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क में आज महात्मा ज्योतिबा फुले के 11 अप्रैल शनिवार को 199वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में समस्त सैनी समाज सेवा समिति तहसील भुसावर भरतपुर के तत्वावधान में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए विशाल भव्य शोभायात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर निकालते हुए मनाया गया।
समारोह में अतिथियों ने दी पुष्पांजलि
महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पधारे हुए अतिथियों ने महात्मा ज्योतिबा फुले और मां सावित्रीबाई फूले की छवि एवं तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्जवलित करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वक्ताओं ने "महात्मा ज्योतिबा फूले के जीवन दर्शन को शासन और प्रशासन के लिए प्रेरणापुंज बताते हुए कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले का सम्पूर्ण जीवन सामाजिक समरसता और न्याय और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित था।"
हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
सैनी समाज सेवा समिति तहसील भुसावर के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि कस्बे के रणधीरगढ़ सड़क मार्ग स्थित मुण्डायारा चौराहा के पास स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क में 11 अप्रैल शनिवार को महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले का 199वां जन्मदिन धूमधाम एवं हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार 11 अप्रैल को सुबह 10 बजे से ही महात्मा ज्योतिबा फुले के जन्मदिन के उपलक्ष्य में उनके जीवन दर्शन और उनके द्वारा समाज सुधार के दिए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए संगोष्ठी और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। समुचा भुसावर कस्बा महात्मा ज्योतिबा फुले के जयकारों से गूंजायमान होकर भक्तिमय और उत्सव के रंग में सराबोर नज़र आया।
कस्बे के मुख्य मार्गों से निकली भव्य शोभायात्रा
देर सायं काल बैण्ड बाजों की मधुर आवाज़ में भव्य मनमोहक और आकर्षक झांकियों के साथ विशाल शोभायात्रा कस्बे के महात्मा ज्योतिबा फूले पार्क से मुण्डायारा चौराहा, राजा मण्डी, बस स्टैंड, नायावास आदि विभिन्न मार्गों से होकर निकाली गई। असामाजिक तत्वों पर निगरानी बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह चाक चौबंद नजर आया। शोभायात्रा में शामिल तहसील भुसावर सहित उपखण्ड क्षेत्र से पधारे हुए युवा, बुजुर्ग और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सामाजिक एकजुटता और भव्य स्वागत
सभी ने एकजुटता में शामिल होकर समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के साथ अपनी आने वाली पीढ़ियों को महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। कस्बे वासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा एवं जलपान करवाकर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। महात्मा ज्योतिबा फूले का सम्पूर्ण जीवन सामाजिक समरसता और न्याय और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित था।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
