भरतपुर जिले के ऐतिहासिक कस्बे भुसावर में 'मुस्कान एक पहल' संस्था ने तत्परता दिखाते हुए मानवता और जीव दया की एक अनुपम मिसाल पेश की है। कस्बे में गंभीर रूप से घायल और असहनीय पीड़ा से तड़प रहे एक गौवंश को संस्था के प्रयासों से समय रहते उपचार और आश्रय उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाई गई।

घटनाक्रम के अनुसार, कस्बे की अग्रसेन कॉलोनी, राजा मण्डी के पास निवासी लता शैलेश मित्तल ने जानकारी दी कि आज क्षेत्र में एक गौवंश अत्यंत दयनीय और घायल अवस्था में तड़प रहा था। उस गौधन के पैर में एक बहुत बड़ा गहरा घाव था, जिसमें संक्रमण के कारण कीड़े तक पड़ चुके थे। इस ह्रदय विदारक स्थिति की सूचना मिलते ही कस्बे में संचालित 'मुस्कान एक पहल' संस्था के संस्थापक अरविन्द मित्तल एवं उनकी टीम ने बिना विलंब किए आनन-फानन में श्रीराम गौशाला के संचालक देवेन्द्र कुमार पाण्डेय को दूरभाष के माध्यम से वस्तुस्थिति से अवगत कराया।

सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए गौशाला संचालक देवेन्द्र कुमार पाण्डेय शीघ्र ही वाहन लेकर मौके पर पहुँचे। वहां संस्था के गौ सेवकों ने स्थानीय सेवा साथियों की मदद से राजा मण्डी से घायल गौवंश का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे श्रीराम गौशाला भुसावर पहुँचाया। गौशाला परिसर में घायल गौवंश की तत्काल मरहम-पट्टी की गई और चिकित्सकों के परामर्श अनुसार इंजेक्शन लगाए गए, जिससे उसकी तड़प कम हो सके। उपचार के पश्चात गौवंश को उचित भोजन और सुरक्षित आश्रय प्रदान किया गया है।

इस पुनीत कार्य पर संचालक देवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे इन बेजुबान जानवरों के दवा, उपचार और खान-पान की पूर्ण जिम्मेदारी उठाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि जब भी किसी गौधन या अन्य जानवर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिले, तो तत्काल सूचित करें; उनकी टीम सेवा के लिए सदैव तत्पर है। गौवंश सेवा के इस पुनीत अवसर पर लोकेश अग्रवाल, प्रतीक और शैलेश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह प्रयास न केवल जीव रक्षा का प्रतीक है, बल्कि समाज के प्रति नैतिक कर्तव्यों का बोध भी कराता है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story