भुसावर में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारी, 2 अप्रैल को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
भरतपुर के भुसावर में तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव के दौरान भगतराज मंदिर में छप्पन भोग और फूल बंगला झांकी के साथ अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा।

भुसावर। भरतपुर जिले के ऐतिहासिक कस्बे भुसावर सहित संपूर्ण उपखंड क्षेत्र में आगामी हनुमान जन्मोत्सव को लेकर अपार श्रद्धा और उत्साह का वातावरण निर्मित हो गया है। सनातन धर्मप्रेमियों, श्रद्धालुओं एवं भक्त मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस त्रिविसीय धार्मिक अनुष्ठान के दौरान रामभक्त हनुमानजी के चरणों में अपनी हाजिरी लगाएंगे। इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य परिवार में सुख-शांति, समृद्धि, क्षेत्र की खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना करना है, जिसकी तैयारियों को लेकर समस्त क्षेत्रवासी पूर्णतः तत्पर हैं।
धार्मिक कार्यक्रमों की इस कड़ी में कस्बे के हिंडौन सड़क मार्ग स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमानजी मन्दिर, बनखण्डी वाले हनुमानजी मन्दिर, पंचमुखी हनुमान जी मन्दिर, हूंकारेश्वर महादेव मन्दिर, रातवाले हनुमानजी मन्दिर, कुण्डावाले हनुमानजी मन्दिर, अथाई वाले हनुमानजी मन्दिर परिसर तथा दीवान वाले हनुमानजी मन्दिर में विशेष सजावट की जा रही है। इन मंदिरों में हनुमानजी की प्रतिमा को चोला चढ़ाकर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। तत्पश्चात हनुमान चालीसा पाठ और ढोलक, झांझ, मजीरा एवं घंटे-घड़ियालों की थाप पर भजनों के माध्यम से भगवान को रिझाते हुए हरिनाम संकीर्तन व नृत्य का आयोजन होगा।
आयोजन के केंद्र बिंदु भगतराज वाले हनुमानजी मन्दिर के पुजारी हरीश शर्मा एवं घनश्याम शर्मा ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यहाँ तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 31 मार्च, मंगलवार को सायंकाल 36 घंटे के अखंड रामायण पाठ के साथ होगा। इसके पश्चात 1 अप्रैल को मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी इलेक्ट्रॉनिक लाइटों से सुसज्जित कर भव्य फूल बंगला झांकी और छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के मुख्य दिन 2 अप्रैल, गुरुवार को सुबह वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विश्व शांति और मानव कल्याण के निमित्त आहुतियां दी जाएंगी। उत्सव का चरमोत्कर्ष देर सायंकाल निकलेगी, जब मनमोहक और आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। इस दौरान उपखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए श्रद्धालु जगह-जगह जलपान की व्यवस्था करेंगे और पुष्प वर्षा व महाआरती के साथ शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। भक्ति और शक्ति का यह संगम भुसावर की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को पुनः जीवंत करने का कार्य करेगा।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
