भरतपुर: भुसावर में हनुमान जन्मोत्सव पर 36 घंटे का अखंड रामायण पाठ शुरू
भुसावर के विभिन्न मंदिरों में तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आयोजित, दो अप्रैल को ध्रुव योग में विशेष पूजा और भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

भरतपुर के भुसावर कस्बे में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान मंदिर में उमड़े श्रद्धालु।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर कस्बे सहित उपखण्ड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में श्री राम भक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव धूमधाम एवं हर्षोल्लास पूर्वक श्रद्धा अनुसार भक्ति भाव से चैत्र मास की पूर्णिमा को भगवान शिव के ग्यारहवें रुद्र रूद्रावतार श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। यह पर्व शक्ति, भक्ति और अटुट सेवा भाव से बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित हो रहा है, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं और सनातन धर्मप्रेमियों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
विभिन्न मंदिरों में गूंजेंगे भक्ति के स्वर
भुसावर कस्बे के हिंडौन सड़क मार्ग स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमानजी मन्दिर परिसर, पंचमुखी हनुमान जी मन्दिर, बनखण्डी वाले हनुमानजी मन्दिर, अथाई वाले हनुमानजी मन्दिर, हूंकारेश्वर महादेव मन्दिर, भगत राज वाले हनुमानजी मन्दिर, रात वाले हनुमानजी मन्दिर, कुण्डा वाले हनुमानजी मन्दिर, पंजाबी गुरुद्वारा हनुमानजी मन्दिर आदि सहित विभिन्न श्री राम भक्त हनुमान जी मन्दिरों में श्रद्धालुओं, सनातन धर्मप्रेमियों और हनुमानजी भक्त मण्डल द्वारा धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दो अप्रैल गुरुवार को हस्त नक्षत्र और ध्रुव योग में विशेष पूजा अर्चना करते हुए अपनी हाजिरी लगाकर भगवान से परिवार में सुख-शांति समृद्धि एवं क्षेत्र में खुशहाली की मनोकामनाएं मांगी जाएगी।
भगतराज मंदिर में 36 घंटे का रामायण पाठ
भगतराज वाले हनुमानजी मन्दिर के पुजारी एवं पूर्व पार्षद हरीश शर्मा तथा घनश्याम शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि — "भगतराज वाले हनुमानजी मन्दिर परिसर में भक्त मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में हनुमानजी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन का शुभारम्भ मंगलवार को देर सायंकाल विधी विधान पूर्वक के साथ पूजा अर्चना कर 36 घन्टे की रामायण पाठ के साथ शुभारंभ हुआ।" इस दौरान मन्दिर प्रांगण "कलयुग केवल नाम आधारा" की चौपाई एवं ढोलक, झांझ, मजीरा और घन्टे, घड़ियाल की थाप से गूंज उठा।
भव्य झांकी, हवन और शोभायात्रा का कार्यक्रम
कार्यक्रम की श्रृंखला में एक अप्रैल बुधवार को देर सायं 6:00 बजे मंदिर प्रांगण में फूल बंगला झांकी एवं 56 भोग झांकी सजाते हुए भोग लगाया जाएगा। वहीं 2 अप्रैल गुरुवार को हनुमान जी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सुबह विश्व शांति एवं मानव कल्याण की भावना को लेकर उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा हवन यज्ञ में आहुतियां प्रदान की जाएगी। देर सायं काल 05 बजकर 30 मिनट से बैंड बाजों के साथ आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां के साथ कश्मीर के विभिन्न मार्गो से होकर शोभायात्रा निकाली जायेगी। जिसकी तैयारियों को लेकर समस्त भगतराज हनुमान जी भक्त मण्डल द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और सभी एकजुट होकर अपनी हाजिरी लगाकर भगवान से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं क्षेत्र में खुशहाली की मनोकामनाएं मांगेंगे।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
