भुसावर उपखंड के घाटरी क्रेशर जोन में संचालित क्रेशर प्लांटों से उड़ती धूल अब आसपास के ग्रामीणों और वाहन चालकों के लिए गंभीर परेशानी बनती जा रही है। क्षेत्र स्थित खाटू श्याम क्रेशर स्टोन से निकलने वाले धूल के गुबार के कारण पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। वहीं, हिण्डौन-भुसावर मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी धुंध जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। क्रेशर से फैलती धूल ने कृषि भूमि और फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ा दी है।

स्थानीय वाहन चालकों के अनुसार क्रेशर के पास से गुजरते समय हवा में उड़ती धूल के कारण सड़क पर दृश्यता कम हो जाती है। कई बार सामने से आने वाले वाहन भी स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वाहन चालकों का आरोप है कि क्रेशर परिसर में नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। धूल के फैलाव को रोकने के लिए भी पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आते।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि क्रेशर प्लांट परिसर में हरियाली और पेड़-पौधों का अभाव है। इसके चलते प्लांट से उड़ने वाली धूल आसपास के खेतों तक पहुंच रही है। इससे कृषि भूमि और फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। लगातार धूल के संपर्क में रहने से आसपास के ग्रामीणों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।

इस स्थिति ने क्रेशर संचालन से जुड़े पर्यावरण संरक्षण उपायों और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि प्रदूषण नियंत्रण और संबंधित राजस्व विभाग की ओर से प्रभावी निगरानी नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से क्रेशर प्लांट का निरीक्षण कर धूल नियंत्रण के इंतजामों की जांच कराने, परिसर में नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने तथा नियमानुसार पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के उपाय लागू कराने की मांग की है।

अब घाटरी क्रेशर जोन में धूल के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए जिम्मेदार विभाग क्या कदम उठाते हैं, इस पर क्षेत्रवासियों की नजर है। कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में हिण्डौन-भुसावर मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों को धूल के गुबार के बीच परेशानी का सामना करना पड़ता रहेगा।

Mohan Joshi, Bharatpur

Mohan Joshi, Bharatpur

नाम: मोहन लाल जोशी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं

परिचय एवं अनुभव 

मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:

  • राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
  • ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
  • शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:

  • स्नातक (Graduation)
  • बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
  • पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।

Next Story