भुसावर में गणगौर पर्व पर उमड़ा जनसैलाब, रघुनाथ गार्डन में भरा एक दिवसीय मेला
चैत्र मास की तृतीया पर सुहागिनों और कन्याओं ने ईसर-गौरा की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की, सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन रहा तैनात।

भुसावर के रघुनाथ गार्डन में आयोजित गणगौर मेले के दौरान ईसर-गौरा के स्वरूप में सजीं युवतियां और दर्शन के लिए एकत्रित श्रद्धालु महिलाएं।
भुसावर कस्बे सहित उपखण्ड क्षेत्र में आज शनिवार चैत्र मास की तृतीया को अखण्ड सौभाग्य और अटूट विश्वास के पावन पर्व गणगौर का पर्व धूमधाम एवं हर्षोल्लास पूर्वक श्रद्धा अनुसार भक्ति भाव से विधी विधान पूर्वक श्रद्धा के अनुसार मनाया गया। जहाँ इस गणगौर पर्व को लेकर महिलाओं एवं बेटियों में खासा उत्साह देखा गया। गणगौर पर्व को लेकर महिलाओं ने पारम्परिक रीति रिवाजों से वेशभूषा धारण कर सोलह श्रृंगार करते हुए व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु अथवा बेटियों ने होने वाले अच्छे वर की कामना करते हुए ईसर शिवजी और माता गौरा पार्वती जी की आराधना की।
महिलाओं और बेटियों ने की ईसर-गौरा की सामूहिक पूजा
श्रद्धालु महिलाओं और बेटियों ने सामूहिक रूप में कहानी सुनकर विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना करते हुए अपने से बड़ों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान भगवान से परिवार में सुख-शांति समृद्धि एवं क्षेत्र में खुशहाली की मनोकामनाएं मांगी गई। वहीं महिला श्रद्धालु लक्ष्मी जती, चंचल शर्मा, ममता, पुष्पा, रैनू ने जानकारी देते हुए बताया कि "गणगौर पूजन सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु आयु की कामना के साथ एवं कुंवारी कन्याएं, अविवाहित युवतियां भगवान शिव से सुन्दर शुशील वर प्राप्ति की कामना करते हुए रखती है।"
एक दिवसीय मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
वहीं दूसरी ओर पिछले सोलह दिनों तक अनवरत गणगौर खेलने की परम्परा को कायम रखते हुए बेटियां, युवतियां ईसर शिवजी और माता गौरा पार्वती जी के स्वरूप में दुल्हा दुल्हन में सजकर छोंकरवाडा सड़क मार्ग स्थित रघुनाथ गार्डन पहुंचीं। जहाँ रघुनाथ जनहितकारी ट्रस्ट में एक दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। मेले में चाट पकौड़ी, खिलौना, आकर्षक श्रंगार सामान की अस्थाई दुकानों और झूलों पर काफी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
रघुनाथ गार्डन जनहितकारी ट्रस्ट में आयोजित हुए एक दिवसीय मेले में असामाजिक तत्वों पर निगरानी बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मौजूद रहा। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पर्व का आनंद ले सकें।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
