भुसावर में पूर्व सांसद पंडित रामकिशन का 101वें वर्ष में प्रवेश पर सम्मान
पूर्व सांसद के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने पर सर्व समाज ने भव्य समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया और क्षेत्रीय पेयजल संकट का मुद्दा उठाया।

भुसावर के सेठ गूजरमल चैरिटेबल ट्रस्ट धर्मशाला में रविवार को आयोजित सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों और गणमान्य नागरिकों के साथ पूर्व सांसद पंडित रामकिशन (साफा पहने हुए)।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर कस्बे में रविवार 17 मई को हिंडौन सड़क मार्ग स्थित यूको बैंक के पास सेठ गूजरमल चैरिटेबल ट्रस्ट धर्मशाला में सर्व समाज द्वारा आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में शतायु पुरुष एवं भरतपुर के पूर्व सांसद पंडित रामकिशन (रामकिशन शर्मा) का सम्मान किया गया। उनके जीवन के 100 वर्ष पूर्ण होने तथा 101 वर्ष आयु पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरपालिका भुसावर सहित उपखंड क्षेत्रों से गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन एवं विभिन्न वर्गों के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
समारोह में उपस्थित जनसमूह ने पंडित रामकिशन का माला, साफा एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया तथा उनके संघर्षमय जीवन, समाजवादी विचारधारा और जनसेवा में दिए गए योगदान की सराहना की। सर्व समाज के नागरिकों ने जानकारी देते हुए बताया कि सेठ गूजरमल चैरिटेबल ट्रस्ट धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वयं पंडित रामकिशन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद् एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य बाबूलाल पाण्डेय ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में किसान नेता इन्दलसिंह जाट और अनिल शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि चन्द्रप्रकाश अवस्थी, पूर्व चेयरमैन देशराज पहाड़िया, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि एवं पार्षद प्रकाश जाटव, पूर्व पार्षद चिरमोली राम जाटव, मैनापुरा के पूर्व सरपंच सतीश चन्द पाण्डेय, सुशील कुमार फाउंडेशन के यतेन्द्र कुमार पाण्डेय, गंगाराम, जगदीश जैमन सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पंडित रामकिशन का स्वागत किया। उपस्थित अतिथियों ने उन्हें फूलमाला, साफा, शॉल, दुपट्टा पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में वक्ताओं ने भरतपुर जिले में विशेषकर वैर, भुसावर एवं हलैना क्षेत्र में गंभीर पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। बताया गया कि यहां की जनता को पीने के पानी के लिए धन खर्च कर पानी खरीदना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए बंध बारैठा से वैर, भुसावर, हलैना को पाइपलाइन योजना से जोड़ने की मांग रखी गई, जिससे शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। साथ ही बाणगंगा नदी में पानी लाने की आवश्यकता भी जोरदार तरीके से उठाई गई।
समारोह का मंच संचालन राजेन्द्र कुमार पाण्डेय ‘गुरुजी’ द्वारा किया गया तथा अध्यक्षता कर रहे बाबूलाल पाण्डेय ने आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया। यह आयोजन सर्व समाज की एकता, जनसेवा की परंपरा और क्षेत्रीय जनसमस्याओं के सामूहिक समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में दर्ज किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
