भुसावर में आमजन की शिकायतों पर प्रशासन सख्त हो गया है। जिला प्रशासन और सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) के संयुक्त निदेशक विवेक कुमार और उपखण्ड अधिकारी राधेश्याम मीना के निर्देशानुसार उपखण्ड भुसावर में संचालित ई-मित्र केंद्रों पर उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने (ओवरचार्जिंग) की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। इसी क्रम में आज कई ई मित्र पर पेनल्टी लगाई गई है।

जांच दल की कार्रवाई और कियोस्क संचालकों को चेतावनी

ब्लॉक प्रोग्रामर कपिल देव पाण्डेय की अगुआई में आज जांच दल ने कई ई-मित्र सेवाओं के नाम पर अवैध वसूली करने वाले कियोस्क संचालकों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए पेनल्टी लगाई। पाण्डेय ने बताया की कुछ दिनों से कुछ ई मित्र कियोस्क द्वारा आम जन से सही व्यवहार ना करने और ओवरचार्जिंग करने की शिकायत मिल रही थी जिस पर आज टीम बना कर कार्यवाही की गई। उन्होंने भविष्य में ओवर चार्जिंग करने पर कियोस्क को पूर्ण रूप से बंद करने की कड़ी चेतावनी भी दी है।

निर्धारित शुल्क और लिखित शिकायत की अपील

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेट लिस्ट न लगाने और अधिक शुल्क लेने पर लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। ब्लॉक प्रोग्रामर ने आमजन से भी अपील की है, कि "वे ई-मित्र पर दी जाने वाली सेवाओं के लिए केवल निर्धारित शुल्क ही दें।" उन्होंने आगे निर्देश देते हुए कहा कि "यदि कोई संचालक अधिक राशि की मांग करता है, तो उपभोक्ता लिखित शिकायत संबंधित ब्लॉक कार्यालय सूचना प्रोद्योगिकी और संचार विभाग तहसील परिसर भुसावर में देवे।" प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार अवैध वसूली करने वाले केंद्रों के विरुद्ध अब निरंतर सख्त निगरानी रखी जाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story