भुसावर में देवउठनी एकादशी पर तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न
कोठी वाले हनुमान जी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और कन्यादान के साथ रस्में पूरी हुईं, भक्तों ने सुख-समृद्धि व वैवाहिक बाधाएं दूर करने की कामना की।

21 नवंबर को भुसावर के हनुमान जी मंदिर में देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह अनुष्ठान करते श्रद्धालु।
भुसावर। भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहर भुसावर में देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर तुलसी और शालिग्राम का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धार्मिक उल्लास से संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, मंगलगीत और भजनों के बीच आयोजित इस विवाह समारोह में श्रद्धालुओं ने कन्यादान कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। आयोजन के माध्यम से भगवान के प्रति प्रेम, आस्था और समर्पण का संदेश भी दिया गया।
हिंदू पंचांग के अनुसार प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी, देव उत्थान एकादशी और देव प्रबोधिनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की ओर से तुलसी और भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम का विवाह धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आयोजित किया जाता है। इन आयोजनों में धार्मिक परंपराओं के साथ सामाजिक संदेश भी दिए जाते हैं।
इसी क्रम में भुसावर के हिंडौन सड़क मार्ग स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में 21 नवंबर, शनिवार को देर शाम तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह आयोजित किया गया। महिला भक्त मंडल की सदस्य चंचल जती, लक्ष्मी, ममता सहित अन्य श्रद्धालुओं के सानिध्य में माता तुलसी और भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम का विवाह पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विवाह के लिए विशेष रूप से मंडप सजाया गया और वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने कन्यादान की रस्म निभाते हुए माता तुलसी के हाथ हल्दी से पीले किए। इसके बाद वस्त्र, आभूषण, श्रृंगार सामग्री, रुपये-पैसे और बर्तनों सहित विभिन्न उपहार भेंट कर कन्यादान किया तथा भगवान से अपनी मनोकामनाएं मांगीं।
विवाह समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने मंगलगीत गाकर भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप विवाह की रस्में पूरी कीं। भक्तों ने इस आयोजन के माध्यम से भगवान के प्रति प्रेम और समर्पण का भाव व्यक्त किया। साथ ही वैवाहिक जीवन में आने वाली बाधाओं और अड़चनों को दूर करने के लिए भगवान विष्णु से प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में ढोलक, झांझ और मंजीरे की थाप पर भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भजनों के माध्यम से भगवान को रिझाया और नृत्य करते हुए अपनी हाजिरी लगाई। धार्मिक अनुष्ठानों और पारंपरिक रस्मों के साथ संपन्न हुए तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह का समापन प्रसादी वितरण के साथ हुआ।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
