भुसावर: गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर निकाला जन जागरण मार्च
भरतपुर के भुसावर में श्रद्धालुओं ने उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौचर बोर्ड गठन की मांग की।

भुसावर में सोमवार को जन जागरण यात्रा के समापन पर उपखण्ड अधिकारी राधेश्याम मीणा (बाएं से चौथे) को ज्ञापन सौंपते गौ भक्त और स्थानीय नागरिक।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर कस्बे में गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने, गौचर बोर्ड गठित करने तथा गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर सोमवार 27 अप्रैल को व्यापक जन समर्थन के साथ भव्य जन जागरण यात्रा निकाली गई। समस्त श्रद्धालुओं, सनातन धर्मप्रेमियों और महिला भक्त मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान ने कस्बे में व्यापक जागरूकता का संदेश दिया।
सुबह 10:00 बजे हिंडौन सड़क मार्ग स्थित पारवाले हनुमानजी महाराज मन्दिर परिसर से यात्रा का शुभारंभ हुआ। समस्त ब्रजवासी महिला शक्ति, ग्वाल बाल और गौ भक्त यहां एकत्रित हुए और मधुर संकीर्तन के साथ गौ माता तथा नन्दी महाराज के नेतृत्व में जन जागरण यात्रा प्रारम्भ हुई। “हम सब की यही पुकार, गौ माता को मिले सम्मान” जैसे जयकारों के साथ श्रद्धालु हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर आगे बढ़े।
यात्रा पारवाले हनुमानजी मन्दिर परिसर से निकलकर पोस्ट ऑफिस, अमर शहीद रमेश स्वामी पार्क, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सड़क मार्ग होते हुए सपाट मार्ग से उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पहुंची। यहां गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत प्रदर्शन किया गया और उपखण्ड अधिकारी राधेश्याम मीणा को राज्य सरकार, भारत सरकार एवं महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने, राज्य स्तरीय गौचर विकास बोर्ड गठित करने, देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने तथा गौ संरक्षण के कठोर कानून बनाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। गौ भक्तों ने स्पष्ट किया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान किसी एक संस्था अथवा संगठन का निजी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समस्त सनातन धर्मप्रेमियों और भारत के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि गौमाता सनातन संस्कृति की आधारशिला है और उसके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होना आवश्यक है। इस जन जागरण यात्रा के माध्यम से उठी मांगों ने क्षेत्र में गौ संरक्षण के मुद्दे को नई गति दी है, जिससे प्रशासन और सरकार के समक्ष विषय की गंभीरता स्पष्ट रूप से प्रस्तुत हुई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
