आषाढ़ की पहली बारिश में भुसावर नगरपालिका की सफाई व्यवस्था की खुली पोल, कॉलोनियों में भरा पानी
भरतपुर के भुसावर में आषाढ़ माह की पहली बारिश के बाद कई कॉलोनियों में जलभराव की समस्या सामने आई। कानूनगो मोहल्ला सहित कई इलाकों में गंदा पानी भरने से लोगों ने नगरपालिका सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए।

भरतपुर जिले के भुसावर कस्बे की एक गली में बारिश के बाद भरा हुआ पानी।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल तहसील भुसावर कस्बे सहित उपखण्ड क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में सोमवार को हुई बारिश ने जहां भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी और किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी, वहीं नगरपालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था की लापरवाही भी सामने आ गई। बारिश के बाद कस्बे के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आषाढ़ माह की प्री मानसून बारिश के दौरान नाले और नालियों की सफाई नहीं होने से पानी निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई। मानसून आने से पूर्व नाली और नाले ओवरलोड होने के कारण कई कॉलोनियों में गंदा पानी भर गया। सफाई कर्मचारियों की लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
कस्बे की कानूनगो मोहल्ला, गूजरमल धर्मशाला कॉलोनी, यूको बैंक वाली गली, पहाड़िया मोहल्ला सहित कई कॉलोनियों में बारिश के बाद गंभीर जलभराव की समस्या सामने आई। कॉलोनीवासियों का कहना है कि अभी आषाढ़ माह की प्री मानसून बारिश में ही नाले और नालियों की यह स्थिति बन गई है, तो अधिक बारिश होने पर हालात और खराब हो सकते हैं।
कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका प्रशासन और सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अब देखना होगा कि नगरपालिका प्रशासन इस स्थिति से कोई सबक लेगा या नहीं। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या मानसून आने से पहले सभी नाले और नालियों की सफाई पूरी कराई जाएगी या फिर केवल कागजों में सफाई कार्य दिखाकर औपचारिकता पूरी कर दी जाएगी।
आषाढ़ माह की पहली बारिश ने भुसावर में जल निकासी व्यवस्था और सफाई इंतजामों की स्थिति को उजागर कर दिया है। अब नगरपालिका प्रशासन के सामने मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नाले-नालियों की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की चुनौती बनी हुई है।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
