भरतपुर के भुसावर में हनुमान संकीर्तन महोत्सव का आयोजन
राजस्थान के भुसावर में कोठी वाले हनुमान जी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी, बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।

तस्वीर में भुसावर के कोठी वाले हनुमान जी मंदिर में संकीर्तन करते हुए कलाकार दिख रहे हैं।
भुसावर (भरतपुर)। संकट हरने वाले हनुमान जी की महिमा के गुणगान हेतु भरतपुर जिले के ऐतिहासिक तहसील भुसावर कस्बे में स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमान जी मंदिर प्रांगण में शनिवार, 27 जून को भव्य 'श्री हनुमान संकीर्तन महोत्सव' का आयोजन किया गया। देर सांय 08 बजे से प्रारंभ हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में मंदिर परिसर को आकर्षक झांकियों से सजाया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। महोत्सव का शुभारंभ पावन ज्योति प्रज्ज्वलित कर बाबा के मनमोहक दरबार के समक्ष किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय और दूर-दराज के क्षेत्रों से आए कलाकारों ने सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। अवस्थी म्यूजिकल ग्रुप और मां भगवती साउंड सेंटर के सहयोग से विकल मोनू अवस्थी ने गणेश वंदना, हनुमान वंदना और भैरव वंदना के साथ संकीर्तन का आगाज किया। इसके पश्चात नवल-किशोर उर्फ नवला, संतोष और जीतु हलैना ने 'संकट हरने वाले को हनुमान कहते हैं', 'दुनिया में देव हजार हुए' और 'मैया तूने क्या ठानी मन में राम सिया' जैसे भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय कर दिया। 'मैं वारी जाऊं बालाजी', 'लाल लंगोटा हाथ में गोटा' और 'भैरू बाबा को मनावा आयारी' भजनों ने उपस्थित सैकड़ों राम भक्तों को नृत्य करने पर विवश कर दिया।
मंदिर के पुजारी रोहित शर्मा (डब्बू जति) और जय शर्मा ने बताया कि यह आयोजन भक्त मंडल एवं जन सहयोग से संपन्न हुआ। संकीर्तन के दौरान भक्तों द्वारा सजाई गई मनमोहक झांकियों के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने अपनी अरदास लगाई और मनोकामनाएं मांगीं। मंदिर परिसर निरंतर भगवान के जयकारों से गूंजायमान रहा। महोत्सव का समापन हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ और भव्य आरती के पश्चात प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
